IND vs ENG 2nd Test: इंग्लैंड के खिलाफ दूसरा टेस्ट मैच शुरू होने में अब 24 घंटे से भी कम का वक्त बचा है। ऐसे में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टीम की रणनीतियों पर बात की है। उन्होंने प्लेइंग इलेवन को लेकर भी संकेत दिए और उनकी बातों से ऐसा लगा कि दूसरे टेस्ट में टीम इंडिया 2 स्पिनर के साथ उतर सकती है। उन्होंने कहा टीम प्रबंधन ने अभी तक ऐसा कॉम्बिनेशन तय नहीं किया है जो यहां की परिस्थितियों में 20 विकेट ले सके और जिसकी बल्लेबाजी में भी गहराई हो। गिल ने इसके साथ ही कहा कि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह चयन के लिए उपलब्ध हैं लेकिन यह स्पष्ट नहीं किया कि वह दूसरे टेस्ट मैच में खेलेंगे या नहीं।
शुभमन गिल (साभार-BCCI)
गिल ने दूसरे टेस्ट की पूर्व संध्या पर कहा, ‘‘बुमराह भाई निश्चित रूप से उपलब्ध हैं। हम सही कॉम्बिनेशन खोजने की कोशिश कर रहे हैं, जहां हम 20 विकेट ले सकें और इस तरह के विकेटों पर रन भी बना सकें। हम आज विकेट को देखने के बाद अंतिम संयोजन पर फैसला करेंगे। हमारी प्राथमिकता 20 विकेट लेना है और हम उसी के अनुसार संयोजन तैयार करेंगे।’ भारत को लीड्स में खेले गए पहले टेस्ट मैच के पांचवें दिन दूसरे स्पिनर की कमी खली और ऐसा लगता है कि टीम प्रबंधन ने रविंद्र जडेजा के साथ वाशिंगटन सुंदर या कुलदीप यादव को अंतिम एकादश में शामिल करने का मन बना लिया है।
दो स्पिन गेंदबाजी विकल्प पर गिल का जोर
गिल ने कहा, ‘‘यहां दो स्पिनरों को खिलाना आम बात नहीं है, लेकिन यहां मौसम भी सामान्य नहीं रहा। पर्याप्त बारिश नहीं हुई। पिछले मैच में भी हमें लगा कि अगर चौथी पारी में हमारे पास एक अतिरिक्त स्पिनर होता तो हम बेहतर स्थिति में हो सकते थे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमें लगता है कि तेज गेंदबाजों की तुलना में स्पिनरों के लिए रन रोकना आसान है, खासकर तब जब गेंद पुरानी हो। इन परिस्थितियों में गेंद 30-40 ओवर के बाद उतनी स्विंग नहीं करती है।‘‘ गिल ने कहा, ‘‘अगर तेज गेंदबाज अधिक मौके नहीं बना पाते हैं, तो हमें लगता है कि इस तरह के विकेटों पर दूसरा स्पिनर कम से कम तब तक रन रोक सकता है, जब तक कि दूसरी नई गेंद नहीं ली जाती।‘‘
8वें नंबर तक बल्लेबाजी जरूरी
भारत के निचले क्रम के बल्लेबाज पहले टेस्ट मैच में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए थे और ऐसे में गिल को बल्लेबाजी और गेंदबाजी की गहराई के बीच अच्छा संतुलन बनाए रखने की जरूरत है। उन्होंने कहा, ‘‘आदर्श रूप से, आप अपनी बल्लेबाजी की गहराई सातवें नंबर तक रखना चाहेंगे या फिर आप आठवें नंबर तक जा सकते हैं। लेकिन अगर आप नौवें नंबर तक जा रहे हैं, तो मुझे लगता है कि इस तरह के विकेटों पर 20 विकेट लेना मुश्किल हो जाएगा।’’ कप्तान के रूप में अपने पहले टेस्ट में गिल को बल्ले और क्षेत्ररक्षण में काफी कुछ सीखने को मिला।
पहले टेस्ट से मिले सबक
उन्होंने कहा, ‘‘बहुत सारे सबक मिले। जैसे जब हम बल्लेबाजी कर रहे थे, तो मुझे लगा कि मैं और बेहतर बल्लेबाजी कर सकता था, अब जब मैं पीछे मुड़कर देखता हूं, तो जिस तरह का शॉट मैंने खेला, मुझे लगता है कि मैं थोड़ी और बल्लेबाजी कर सकता था। जब हम गेंदबाजी कर रहे थे, तो हमने सीखा कि एक बार गेंद पुरानी हो जाए और नरम हो जाए, तो ज्यादा कुछ नहीं हो सकता।’’
