क्रिकेट

IND vs WI: शुभमन गिल ने प्लेइंग 11 को लेकर दिया बड़ा हिंट, इस नंबर पर खेलेंगे जडेजा

IND vs WI Test: भारत के टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने बुधवार को कहा कि टीम घरेलू मैचों में ‘टर्निंग पिच’ को तरजीह देने की बजाय ऐसी पिच पर खेलना चाहती है जो बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों की मदद करे ।वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला से पूर्व प्रेस कांफ्रेंस में गिल ने कहा कि टीम पहले मैच में तीसरे तेज गेंदबाज को मौका दे सकती है चूंकि पिच पर घास जमी है और मौसम भी उमस भरा है ।

Image

शुभमन गिल (फोटो- BCCI)

IND vs WI Test: भारत के नए टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ किया कि टीम घरेलू मैदानों पर केवल ‘टर्निंग पिच’ पर निर्भर नहीं रहना चाहती। उन्होंने कहा कि भारत ऐसी पिचों पर खेलना चाहता है जो बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों की मददगार हों।

गिल ने कहा, “भारत आने वाली किसी भी टीम के लिए चुनौती स्पिन और रिवर्स स्विंग होती है। इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए हम चाहते हैं कि विकेट बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों को बराबरी का मौका दे।”

तीसरे तेज गेंदबाज को मिल सकता है मौका

गिल ने संकेत दिया कि वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट में टीम तीन तेज गेंदबाजों के साथ उतर सकती है। पिच पर घास जमी है और मौसम उमस भरा है, इसलिए संयोजन में बदलाव की संभावना है। उन्होंने कहा, “मौसम और हालात को देखते हुए तीसरे तेज गेंदबाज को उतारा जा सकता है, लेकिन फैसला मैच के दिन लिया जाएगा।”

दमदार क्रिकेट खेलने का इरादा

भारतीय कप्तान ने जोर दिया कि टीम अपनी धरती पर आक्रामक और मजबूत क्रिकेट दिखाना चाहती है। उन्होंने कहा, “हम दमदार क्रिकेट खेलना चाहेंगे। पिछले कुछ सालों में भारत में टेस्ट मैच पांच दिन तक नहीं चल पाए हैं, इसलिए हम चाहते हैं कि दर्शकों को रोमांचक और पूरी ताकत से खेला गया मुकाबला देखने को मिले।”

टी20 से टेस्ट में ढलने की चुनौती

गिल ने माना कि एशिया कप जैसे टी20 टूर्नामेंट के बाद अचानक टेस्ट प्रारूप में ढलना आसान नहीं होता। उन्होंने कहा, “हमें टेस्ट मैच की तैयारी के लिए केवल दो दिन मिले। जल्दी-जल्दी प्रारूप बदलना चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन हमने नेट पर काफी मेहनत की है। ऐसे समय मानसिक तैयारी सबसे ज्यादा अहम हो जाती है।”

जसप्रीत बुमराह के वर्कलोड पर नजर

गिल और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह सीधे दुबई से टीम से जुड़े हैं। बुमराह को लेकर गिल ने कहा कि उनके कार्यभार (वर्कलोड) प्रबंधन को देखते हुए फैसला मैच दर मैच होगा। उन्होंने कहा, “यह इस पर निर्भर करेगा कि मैच कितना लंबा चलता है और गेंदबाज को कितने ओवर डालने पड़ते हैं। कुछ भी पहले से तय नहीं है।”

जडेजा रहेंगे छठे नंबर के बल्लेबाज

गिल ने यह भी स्पष्ट किया कि रविंद्र जडेजा छठे नंबर पर बल्लेबाजी जारी रखेंगे। उन्होंने कहा, “हमें पता है कि भारत में जड्डू भाई कितने अहम हैं। बल्लेबाजी में जिस तरह की फॉर्म उन्होंने दिखाई है, वह अब टेस्ट मैचों में हमारे पक्के छठे नंबर के बल्लेबाज बन गए हैं।”

(भाषा)

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article