सिडनी: पाकिस्तान ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ गुरुवार 'करो या मरो' के मुकाबले में 33 रन के अंतर से जीत दर्ज करके अपनी टी20 विश्व कप में पहुंचने की संभावनाओं को बरकरार रखा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 185 रन का स्कोर खड़ा किया।
पाकिस्तान क्रिकेट टीम( साभार AP)
शादाब ने खेली 22 गेंद में 52 रन की आतिशी पारी
6.3 ओवर में 43 रन पर 4 विकेट गंवाने के बाद पाकिस्तानी टीम को मुश्किल से उबारने में शादाब खान की अहम भूमिका रही। शादाब जब बल्लेबाजी करने उतरे तब टीम का स्कोर 13 ओवर में 95 रन पर पांच विकेट था। ऐसे में शादाब ने 22 गेंद में 52 रन की पारी खेली। उन्होंने इफ्तिखार अहमद के साथ 36 गेंद में 82 रन की साझेदारी की और टीम को 18.5 ओवर में 177 रन के स्कोर तक पहुंचाया। जिसमें से 52 रन शादाब ने बनाए।बारिश से पहले एक ही ओवर में झटके दो विकेट
इसके बाद 186 रन के लक्ष्य का बचाव करने उतरी पाकिस्तानी टीम को बारिश होने से पहले अपने पहले ही ओवर में दो विकेट झटककर शादाब ने मजबूत स्थिति में ला खड़ा किया। उन्होंने पिच पर पैर जमा चुके कप्तान टेम्बा बावूमा और एडेन मार्करम को आउट करके स्कोर को 7.3 ओवर में 4 विकेट पर 66 रन पर ला खड़ा किया। इन दो विकेटों की वजह से ही 9 ओवर के बाद खेल बारिश की वजह से रुका तब पाकिस्तान 15 रन आगे था। बारिश के बाद जब दोबारा खेल शुरू हुआ तो जीत के लिए द. अफ्रीका को 14 ओवर में 142 रन का लक्ष्य मिला। जिसे वो हासिल नहीं कर सका।मैन ऑफ द मैच शादाब बोले ये मेरी सर्वश्रेष्ठ पारी
पाकिस्तान की जीत के बाद शादाब को उनके मैच जिताऊ प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। शादाब ने अपनी आतिशी बल्लेबाजी के बारे में कहा, मैं ऐसा पीएसएल में कर चुका हूं। लेकिन यह एक अंतरराष्ट्रीय और टी20 विश्व कप का मैच है इसलिए मेरे लिए सर्वश्रेष्ठ है। अपनी बल्लेबाजी के दौरान पिच के बारे में शादाब ने कहा, पिच बहुत अच्छी थी मुझे लगा कि यह थोड़ी धीमी थी लेकिन गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आ रही थी मैंने इस बात का फायदा उठाने को सोचा। वहीं गेंदबाजी के बारे में शादाब ने कहा, मैंने थोड़ी धीमी गति से गेंदबाजी की। गेंद पिच पर थोड़ा फंस रही थी। मैंने स्टंप्स पर गेंदबाजी करने की कोशिश की जिसका फायदा मिला।ऊपरी क्रम पर बल्लेबाजी करने के बारे में शादाब ने कहा, मुझे यह पसंद है, यह स्थिति और टीम पर निर्भर करता है। जब टीम मुझे ऐसा करने को कहेगी तब मैं करूंगा।
