Pakistan Squad for South Africa Test: पाकिस्तान के ऑलराउंडर साइम अय्यूब को एशिया कप 2025 में बेहद खराब प्रदर्शन का खामियाजा भुगतना पड़ा है। उन्हें दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली टेस्ट श्रृंखला के लिए घोषित 18 सदस्यीय विस्तृत टीम में जगह नहीं मिली है। टीम का ऐलान किया जा चुका है और इसमें बाबर रिजवान को मौका दिया गया है। ये सीरीज पाकिस्तान के लिए खास होने वाली है।
बैटिंग में नाकाम, बॉलिंग से संभाली इज्जत
एशिया कप 2025 में खेले गए सात मैचों में से अय्यूब चार बार बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भारत के खिलाफ सुपर-4 मुकाबले में आया, जहां उन्होंने 21 रन बनाए, लेकिन टीम को हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, गेंदबाजी में अय्यूब ने कुछ हद तक संतुलन बनाया। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में आठ विकेट झटके और किफायती गेंदबाजी की।
पहले भी चोट के कारण बाहर रहे
इस साल की शुरुआत में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नए साल के टेस्ट में अय्यूब टखने की चोट का शिकार हो गए थे। मैच के सातवें ओवर में उन्हें स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाया गया और इसके बाद वे पूरी श्रृंखला से बाहर हो गए। चोट के कारण वे चैंपियंस ट्रॉफी और वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला में भी नहीं खेल पाए।
टेस्ट करियर अभी नया
साइम अय्यूब पाकिस्तान की टेस्ट टीम में अपेक्षाकृत नए खिलाड़ी हैं। उन्होंने 2024 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पदार्पण किया और अब तक आठ टेस्ट मैच खेले हैं। इन मुकाबलों में उन्होंने 364 रन बनाए हैं, उनका औसत 26 रहा है। गेंदबाजी में भी उन्होंने लाल गेंद के प्रारूप में चार विकेट लिए हैं।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पाकिस्तान की टीम
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों के लिए पाकिस्तान की टीम इस प्रकार है: शान मसूद (कप्तान), आमिर जमाल, अब्दुल्ला शफीक, अबरार अहमद, आसिफ अफरीदी, बाबर आज़म, फैसल अकराम, हसन अली, इमाम-उल-हक, कामरान गुलाम, खुुर्रम शाहजाद, मोहम्मद रिज़वान (विकेटकीपर), नोमान अली, रोहैल नज़ीर (विकेटकीपर), साजिद खान, सलमान अली आगा, साऊद शकील और शाहीन शाह अफरीदी।
नए खिलाड़ियों को मिला मौका
घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाने के लिए पाकिस्तान ने इस बार तीन अनकैप्ड खिलाड़ियों को भी टीम में जगह दी है—आसिफ अफरीदी, फैसल अकराम और रोहैल नज़ीर। पहला टेस्ट लाहौर में खेला जाएगा जबकि दूसरा टेस्ट रावलपिंडी में होगा। इसके बाद दोनों टीमें तीन टी20 और तीन वनडे मैच भी खेलेंगी, जो 28 अक्टूबर से 8 नवंबर तक होंगे।
प्री-सीरीज कैंप की घोषणा
पीसीबी ने अपने बयान में कहा है कि सभी खिलाड़ी 30 सितंबर से शुरू होने वाले प्री-सीरीज कैंप में हिस्सा लेंगे, जिसे लाल गेंद के मुख्य कोच आज़हर महमूद की देखरेख में आयोजित किया जाएगा। यह कैंप 8 अक्टूबर तक चलेगा। वहीं, एशिया कप टीम के खिलाड़ी 4 अक्टूबर से कैंप से जुड़ेंगे।
