Rohit Sharma injured: भारत और न्यूजीलैंड के बीच धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में मैच खेला जा रहा है। मैच में न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी के दौरान भारतीय कप्तान रोहित शर्मा चोटिल हो गए। जिसके चलते उन्हें मैदान से बाहर भी जाना पड़ा। रोहित की गैरमौजूदगी में केएल राहुल ने कप्तानी की।
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा 10वें ओवर की आखिरी गेंद पर स्लिप में फील्डिंग कर रहे थे। तभी अचानक गेंद उनके पास आई। जिसे पकड़ने के लिए जैसे ही वे नीचे झुके तो फिसल गए और उनकी उंगली में घाव हो गया। जिसके चलते वे मैदान से कुछ देर के लिए बाहर भी चले गए। हालांकि चोट इतनी गंभीर नहीं थी और रोहित शर्मा कुछ ओवर बाद दोबारा मैदान पर दिखाई दिए।
शानदार फॉर्म में रोहित शर्मा
हिटमैन इस विश्वकप में शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। उन्होंने अब तक 4 मैचों में ही 250 से भी ज्यादा रन बना लिए हैं। वे भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले प्लेयर भी हैं। हिटमैन वर्ल्ड कप के पहले मैच में शून्य पर आउट हो गए थे। हालांकि अगले ही मैच में उन्होंने वापसी की और अफगानिस्तान के खिलाफ शतक जड़ा। रोहित भारत की बल्लेबाजी के लिए बेहद जरूरी हैं। ऐसे में उनकी चोट ज्यादा गंभीर ना होने से टीम इंडिया के फैंस को थोड़ी राहत जरूर मिली होगी।
न्यूजीलैंड की पारी संभली
मैच की बात करें तो इसमें न्यूजीलैंड पहले बल्लेबाजी कर रही है। टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और दोनों ही ओपनर्स जल्द ही आउट हो गए। हालांकि बाद में रचिन रवींद्र और डेरिल मिचेल ने पारी को संभाल लिया है और वे लगातार भारत के गेंदबाजों पर अटैक कर रहे हैं।
