कप्तान नहीं आखिरकार उप-कप्तान रिंकू आए केकेआर के काम, आखिरी ओवर में छक्का जड़कर दिलाई रोमांचक जीत

कोलकाता ने आईपीएल 2026 में आखिरकार जीत का स्वाद चख लिया। राजस्थान के खिलाफ आखिरी ओवर तक चले मुकाबले में केकेआर ने 4 विकेट से जीत दर्ज की। 156 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए रिंकू और अनुकूल की मैच विनिंग पार्टनरशिप के दम पर केकेआर ने यह जीत दर्ज की।

कप्तान अजिंक्य रहाणे नहीं बल्कि कोलकाता नाईट राइडर्स को आईपीएल 2026 की पहली जीत उप-कप्तान रिंकू सिंह ने दिलाई। रिंकू ने बृजेश शर्मा की गेंद पर छक्का मारकर ना केवल अपनी फिफ्टी पूरी की बल्कि 6 मैच से जीत का इंतजार कर रही केकेआर को उसका स्वाद चखा दिया। रिंकू सिंह ने 34 गेंद में 5 चौके और 2 छक्के की मदद से नाबाद 53 रन की पारी खेली। केकेआर की इस जीत में उनका साथ दिया अनुकूल रॉय ने जिन्होंने 16 गेंद में नाबाद 29 रन बनाए। अनुकूल ने अपनी पारी में एक चौका और दो छक्के लगाए।

rinku singh

रिंकू सिंह (साभार-X)

3 साल बाद आईपीएल में अर्धशतक

रिंकू सिंह को इस बार लीग से पहले लीडरशिप रोल में एंट्री मिली थी और उन्हें टीम का उप-कप्तान बनाया गया था। अब तक रिंकू बल्ले से संघर्ष कर रहे थे, लेकिन जब केकेआर को इसकी सबसे ज्यादा जरुरत थी, उन्होंने फिनिशर की भूमिका में एकबार फिर खुद को साबित किया। रिंकू ने आईपीएल में 3 साल बाद अर्धशतक जड़ा है। 2023 में उन्होंने लखनऊ के खिलाफ नाबाद 67 रन की पारी खेली थी, लेकिन वहां वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए थे और लखनऊ ने एक रन से मुकाबला जीत लिया था। लेकिन उनकी यह पारी खास है क्योंकि इससे केकेआ की जीत का खाता खुला है। इस पारी की जितनी जरुरत केकेआर को थी शायद उससे कहीं ज्यादा इसकी आवश्यकता रिंकू सिंह को रही होगी। आईपीएल में यह रिंकू का 5वां अर्धशतक है।

End of Feed