Rest of India vs Madhya Pradesh: रेस्ट ऑफ इंडिया के खिलाड़ियों का ईरानी कप के अंतिम दिन भी शानदार प्रदर्शन जारी रहा। रेस्ट ऑफ इंडिया ने ताबड़तोड़ प्रदर्शन कर मेजबान मध्यप्रदेश को घरेलू मैदान पर घुटने पर ला दिया। पांच दिनों तक चलने वाले इस मुकाबले के अंतिम दिन रेस्ट ऑफ इंडिया ने रणजी ट्रॉफी जीतने वाली मध्यप्रदेश टीम को 238 रन से हराया। रेस्ट ऑफ इंडिया ने 29वीं बार ईरानी कप के खिताब पर कब्जा जमाया।
मध्यप्रदेश की दूसरी पारी भी लड़खड़ाई
मैच के अंतिम दिन मध्यप्रदेश ने दूसरी पारी को 81/2 रन से आगे खेलना शुरू किया। 437 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मध्यप्रदेश की टीम 58.4 ओवर में 198 रन पर ढेर हो गई। टीम के कप्तान हिमांशु मंत्री ने अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम को अच्छी शुरुआत दी। हर्ष गवली ने भी 48 रन की पारी खेलकर टीम को संभाला, लेकिन इन दोनों के आउट होने के बाद टीम का विकेट लगातार अंतराल में गिरता रहा।
यशस्वी रहे मैच के हीरो
21 साल के बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल मैच के हीरो रहे। प्लेयर ऑफ द मैच रहे यशस्वी ने दूसरी पारी में 103 गेंद पर 13 चौके और 1 छक्के की मदद से शतक पूरा किया। यशस्वी ने 91.71 की स्ट्राइक रेट से 157 गेंद पर 16 चौके और तीन छक्के की मदद से 144 रन बनाए। इसी तरह पहली पारी में भी यशस्वी जायसवाल का बल्ला जमकर चला था। यशस्वी ने 82.23 की स्ट्राइक रेट से 259 गेंद पर 213 रन बनाए थे।
सौरभ ने झटके सबसे ज्यादा विकेट
मध्यप्रदेश के खिलाफ दूसरी पारी में रेस्ट ऑफ इंडिया के सौरभ कुमार ने शानदार गेंदबाजी कर सबसे ज्यादा विकेट झटके। सौरभ ने 17.4 में 60 रन देकर सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए, जबकि मुकेश कुमार ने 12 ओवर में 34 रन देकर दो विकेट लिए। इसी तरह अतीत सेठ और पुलकित नारंग ने भी दो-दो विकेट झटके। नवदीप सैन को एक विकेट से संतोष करना पड़ा।
