इंदौर के होलकर स्टेडियम में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के तीसरे मैच में भारत के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। जडेजा ने ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी के दौरान उस्मान ख्वाजा को आउट कर अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का 500वां विकेट पूरा किया। अब उनके नाम टेस्ट में 260, वनडे में 189 और T20I में 51 विकेट हैं। दिल्ली टेस्ट के हीरो रहे जडेजा ने इंदौर में भारत को पहली सफलता दिलाई।
रवींद्र जडेजा, ऑलराउंडर भारत
इससे पहले भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। लेकिन ऑस्ट्रेलियाई स्पिन अटैक के सामने पूरी भारतीय टीम फेल रही और केवल 109 रन बनाकर आउट हो गई। भारत की तरफ से सर्वाधिक 22 रन विराट कोहली ने बनाए। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से मैथ्यू कुह्लमेन ने 5 और नाथन लॉयन ने 3 विकेट झटके।
दूसरे भारतीय बने जडेजा
रवींद्र जडेजा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 500 विकेट और 5,000 रन बनाने वाले दूसरे भारतीय क्रिकेटर बन गए हैं। इससे पहले यह उपलब्धि केवल कपिल देव के नाम थी। वर्ल्ड क्रिकेट की बात करें तो जडेजा इस सूची में 11वें नंबर पर हैं। इस सूची में कपिल देव, इमरान खान, इयान बॉथम सहित कई दिग्गज खिलाड़ियों का नाम शामिल है।
500 विकेट और 5,000 रन बनाने वाले खिलाड़ी
कपिल देव -687, रन- 9,031
इमरान खान-544, रन- 7,516
इयान बॉथम-528, रन-7,313
वसीम अकरम-916, रन- 6,615
शॉन पोलाक-829, रन- 7,060
चमिंडा वास-761, रन-5,140
डेनियल विटोरी-705, रन-6,929
जैक कैलिस-570, रन -25,422
शाहिद अफरीदी-541, रन- 11,148
शाकिब अल हसन-653, रन-13,453
रवींद्र जडेजा*-500, रन-5,527
जडेजा की धमाकेदार वापसी
रवींद्र जडेजा ने 5 महीने बाद बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में इस मैच से पहले जडेजा ने 17 विकेट हासिल कर लिए हैं। उन्होंने दिल्ली टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी के दौरान अपने टेस्ट करियर का बेहतरीन प्रदर्शन किया था। बल्ले से भी जडेजा ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने 33.33 की औसत से 100 रन बनाए हैं।
