Rashid Khan on his Mistake: अफगानिस्तान के स्टार लेग-स्पिनर राशिद खान ने खुलासा किया है कि 2023 वनडे विश्व कप के बाद हुई पीठ की सर्जरी के तुरंत बाद क्रिकेट में वापसी करना उनके करियर की एक बड़ी गलती साबित हुई। उनका मानना है कि उन्होंने खुद को पूरी तरह फिट होने का समय नहीं दिया, जिसका असर अब उनके प्रदर्शन और फिटनेस पर दिखाई दे रहा है।
राशिद खान (फोटो- AP)
आईपीएल के बाद लिया दो महीने का ब्रेक
राशिद खान जो आईपीएल 2025 में गुजरात टाइटंस (जीटी) के लिए खेले, ने टूर्नामेंट के बाद करीब दो महीने का लंबा ब्रेक लिया। इस दौरान उन्होंने शपगीजा क्रिकेट लीग में वापसी की और अगस्त में ‘द हंड्रेड’ लीग में लंदन स्पिरिट के खिलाफ 11 रन देकर तीन विकेट चटकाए। राशिद ने ‘ईएसपीएनक्रिकइन्फो’ से बातचीत में कहा कि “आईपीएल के बाद मुझे एक ऐसे ब्रेक की जरूरत थी, जिसमें मेरा शरीर सामान्य हो सके। पीठ की सर्जरी से वापसी के बाद मैंने जल्दी क्रिकेट शुरू कर दी, जिससे मुझे नुकसान हुआ। मुझे लगता है कि मैंने खुद को पूरी तरह ठीक नहीं होने दिया और फिटनेस पर काम करने के बजाय जल्दबाजी में खेलने लगा।”
चोटों के कारण छूटे बड़े टूर्नामेंट
टी20 विश्व कप 2024 में अफगानिस्तान को सेमीफाइनल तक पहुंचाने के बाद राशिद खान को पीठ और हैमस्ट्रिंग की चोटों से जूझना पड़ा। इसी वजह से उन्हें बिग बैश लीग (BBL) और पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) से बाहर होना पड़ा। जनवरी 2025 में वह बुलावायो में जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टेस्ट में लौटे और 55 ओवर डालकर 11 विकेट लिए, जिससे उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार मिला। हालांकि, इस प्रदर्शन की शारीरिक थकान उनके चैंपियंस ट्रॉफी और आईपीएल 2025 के खेल में साफ झलकने लगी।
टेस्ट में वापसी को बताया गलती
राशिद खान ने माना कि सर्जरी के तुरंत बाद टेस्ट क्रिकेट खेलना उनके लिए गलत फैसला था। उन्होंने कहा कि “मुझे सलाह दी गई थी कि सर्जरी के बाद लंबी अवधि के फॉर्मेट में जल्दी वापसी न करूं। लेकिन बुलावायो टेस्ट में मैंने 65 (55) ओवर फेंके, जिससे पीठ में तकलीफ हुई। टी20 में तो आप खुद को संभाल सकते हैं, लेकिन टेस्ट और वनडे के लिए समय चाहिए। उस वक्त टीम को जरूरत थी, इसलिए मैंने जल्दी वापसी की, लेकिन बाद में इसका एहसास हुआ कि ये गलती थी।”
एमएलसी से हटकर रिकवरी पर फोकस
आईपीएल 2025 खत्म होने के बाद राशिद खान ने अमेरिका में होने वाली मेजर लीग क्रिकेट (MLC) में हिस्सा नहीं लिया। इसके बजाय उन्होंने अपनी रिकवरी पर ध्यान दिया। जिम में पीठ के निचले हिस्से की स्ट्रेंथ ट्रेनिंग की, हफ्ते में 2-3 बार स्पॉट बॉलिंग का अभ्यास किया और बल्लेबाजी पर भी मेहनत की। उन्होंने बताया कि “आईपीएल खत्म होने के बाद तीन हफ्तों तक मैंने गेंद को हाथ नहीं लगाया। इस दौरान मैं अपने परिवार के साथ समय बिताता रहा, घूमने गया और मानसिक रूप से खुद को तरोताजा किया। इसके बाद ही मैंने दोबारा लय पकड़नी शुरू की।”
(IANS)
