क्रिकेट

Ranji Trophy: जम्मू-कश्मीर और बड़ौदा के बीच मुकाबले के दौरान पिच से हुई छेड़छाड़? जानिए क्या है पूरा मामला

जम्मू-कश्मीर और बड़ौदा के बीच वडोदरा में खेले जा रहे एलीट ग्रुप ए के मुकाबले में पिच से छेड़छाड़ होने की बात सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस वजह से तीसरे दिन का खेल देरी से शुरू हुआ। जानिए क्या है पूरा मामला?

Image

जम्मू कश्मीर बनाम बड़ौदा

Photo : PTI

मुंबई: जम्मू एवं कश्मीर ने बड़ौदा के खिलाफ चल रहे एलीट ग्रुप ए रणजी ट्रॉफी मुकाबले के तीसरे दिन पिच के साथ रात में छेड़छाड़ करने का आरोप लगाते हुए शनिवार को यहां के रिलायंस स्टेडियम में कुछ देर तक मैदान पर उतरने से मना कर दिया था। ईएसपीएन क्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक जम्मू कश्मीर ने आरोप लगाया कि क्वार्टर फाइनल चरण के लिए क्वालिफिकेशन सुनिश्चित करने के लिए घरेलू टीम बड़ौदा को सीधी जीत दिलाने के लिए पिच से छेड़छाड़ की गई। शनिवार को जम्मू कश्मीर के विरोध के कारण पहले सत्र का खेल एक घंटे 25 मिनट तक रुका रहा।

नॉकआउट के लिए मुंबई, बड़ौदा और जम्मू-कश्मीर के बीच हो रही है जंग

जम्मू-कश्मीर, बड़ौदा और मुंबई ग्रुप ए से नॉकआउट क्वालिफिकेशन दो स्थान के लिए संघर्ष कर रहे हैं। मुंबई ने शनिवार को मेघालय पर पारी और 456 की जीत से बोनस अंक हासिल कर अपना दावा मजबूत कर लिया है। मैच रेफरी अर्जन कृपाल सिंह के हस्तक्षेप के बाद वडोदरा में मुकाबला शनिवार सुबह 10:55 बजे शुरू हुआ। ‘पीटीआई’ ने जब इस मामले पर जम्मू-कश्मीर टीम के साथ यात्रा कर रहे एक अधिकारी से संपर्क किया, तो उन्होंने ऐसी कोई जानकारी होने से इनकार किया।

बड़ौदा क्रिकेट संघ ने किया आरोप का खंडन

उन्होंने ‘पीटीआई’ से कहा,'मैं इसके बारे में कुछ नहीं जानता।' रिपोर्ट में कहा गया है कि मैच अधिकारियों ने शनिवार को खेल को एक घंटे तक बढ़ा दिया, बड़ौदा क्रिकेट संघ ने कहा पिच में अधिक नमी के कारण मैच शुरू होने में विलंब हुआ। यह सर्दियों के मौसम में असामान्य नहीं है। जम्मू कश्मीर ने तीसरे दिन एक विकेट पर 125 रन से आगे से खेलना शुरू किया और पूरी टीम दूसरी पारी में 284 रन पर आउट हो गई। बड़ौदा को जीत के लिए 365 रन का लक्ष्य मिला। मेजबान टीम स्टंप्स तक दो विकेट पर 58 रन बना चुकी है और उसे अंतिम दिन 307 रन की जरूरत है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article