पूर्व भारतीय ऑफ स्पिनर रमेश पवार को नई जिम्मेदारी मिल सकती है। इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के अनुसार वह बीसीसीआई की जूनियर राष्ट्रीय चयन समिति का अध्यक्ष बनने की रेस में सबसे आगे हैं। पवार ने पिछले सीजन में गुजरात की सीनियर टीम को कोचिंग दी थी। उन्होंने दो बार भारतीय महिला टीम के कोच के रूप में भी काम किया था। उनका दूसरा कार्यकाल अचानक समाप्त हो गया जब उन्हें वीवीएस लक्ष्मण की अगुवाई वाली पुरुष टीम के स्पिन-गेंदबाजी कोच के रूप में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में भेज दिया गया।
रमेश पवार (साभार-X)
मुंबई के इस ऑफ-स्पिनर ने भारत के लिए दो टेस्ट और 31 वनडे मैच खेले हैं और तब से अलग-अलग लेवल पर कोचिंग की भूमिका निभा रहे हैं। बीसीसीआई ने जूनियर चयन समिति में पांच पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए थे। यह समिति कोचिंग शिविरों के लिए अंडर-22 तक की आयु वर्ग की टीमों के चयन और घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय टीमों के खिलाफ भारत के जूनियर मैचों के लिए प्रतिभा खोजेगी और उन्हें तैयार करेगी।
टाइम्सनाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- BCCI की AGM में हुए ये बड़े फैसले, अंपायरों की बढ़ी सैलरी, भव्य होगा आईपीएल 2027 का आयोजन
बीसीसीआई की एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, समिति घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मैचों के माध्यम से खिलाड़ियों की खोज और मूल्यांकन करेगी और भारत एवं विदेश में कोचिंग शिविरों, दौरों और टूर्नामेंटों के लिए टीमों के चयन और विकास में योगदान देगी। यह समिति बीसीसीआई जूनियर टूर्नामेंट और विदेशी जूनियर टीमों के दौरों का आयोजन और संचालन भी करेगी। इसके अलावा यह समिति जूनियर प्रतियोगिताओं के संचालन और प्रशासन से संबंधित मामलों को भी संभालेगी। इस समिति के सदस्य युवा खिलाड़ियों में ड्रग्स, सट्टेबाजी और मैच फिक्सिंग जैसे मुद्दों के बारे में जागरूकता भी फैलाएगी।
