क्रिकेट

रजत पाटीदार को बड़ी जिम्मेदारी, बने एमपी के ऑलफॉर्मेट कप्तान

17 साल के इंतजार के बाद आरसीबी को चैंपियन बनाने वाले कप्तान रजत पाटीदार को बड़ा इनाम मिला है। वर्तमान में पाटीदार जो भी कर रहे हैं वह ठीक हो रहा है। 32 वर्षीय रजत पाटीदार को अब नई जिम्मेदारी मिली है।

Image

रजत पाटीदार (साभार-BCCI Women)

17 साल के इंतजार के बाद अपनी कप्तानी में आरसीबी को आईपीएल चैंपियन बनाने वाले रजत पाटीदार के अच्छे दिन शुरू हो गए हैं। उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। पाटीदार को मध्य प्रदेश टीम के सभी फॉर्मेट की कप्तानी सौंपी गई है। उन्हें रणजी ट्रॉफी के साथ शुरू होने वाले 2025-26 के घरेलू सत्र से पहले यह जिम्मा सौंपा गया, जिसकी शुरुआत 15 अक्टूबर से होने जा रही है। 32 वर्षीय रजत पाटीदार ने शुभम शर्मा को बतौर कप्तान रिप्लेस किया है। पाटीदार को मध्य प्रदेश के क्रिकेट निदेशक चंद्रकांत पंडित ने यह जिम्मेदारी सौंपी।

रजत पाटीदार को पिछले सीजन सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के दौरान कप्तान के रूप में पहली बार आजमाया गया था। पाटीदार ने अपनी कप्तानी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को पहली बार आईपीएल चैंपियन बनाया। इसके बाद मध्य प्रदेश को फाइनल तक लेकर गए, जहां टीम को मुंबई से हार का सामना करना पड़ा। रजत पाटीदार आईपीएल खिताब जीतने के बाद से शानदार कप्तानी कर रहे हैं, उन्होंने हाल ही में 2014-15 के बाद पहली बार सेंट्रल जोन को दलीप ट्रॉफी का चैंपियन बनाया है।

हाल ही में पाटीदार ने ईरानी कप में रेस्ट ऑफ इंडिया टीम का नेतृत्व किया, जिसमें ईशान किशन, ऋतुराज गायकवाड़ और अभिमन्यु ईश्वरन जैसे बड़े नाम शामिल थे। हालांकि, इस मुकाबले में उनकी टीम को विदर्भ के हाथों 93 रन से शिकस्त झेलनी पड़ी। 2024-25 के रणजी ट्रॉफी सीजन की 11 पारियों में 48.09 की औसत से 529 रन बना चुके रजत पाटीदार इस दौरान एक शतक और दो अर्धशतक लगा चुके हैं। पाटीदार ने दलीप ट्रॉफी के फाइनल में शतक जमाया है।

मध्य प्रदेश 15 अक्टूबर को अपने रणजी ट्रॉफी अभियान की शुरुआत पंजाब के खिलाफ मुकाबले के साथ करेगा। इसके बाद टीम 25 अक्टूबर से सौराष्ट्र को चुनौती देगी।

रणजी सीजन दो चरणों में खेला जाना है। पहला चरण 15 अक्टूबर से 19 नवंबर तक खेला जाएगा, जिसके बाद सीजन में व्हाइट बॉल टूर्नामेंट के लिए ब्रेक होगा।

इसके बाद दूसरा चरण अगले साल 22 जनवरी से 1 फरवरी तक खेला जाएगा, जबकि नॉकआउट चरण 6 से 28 फरवरी तक आयोजित होंगे।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article