क्रिकेट

पृथ्वी शॉ चले काउंटी खेलने, इस टीम के साथ हुआ है करार

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Jul 1, 2023, 06:10 PM IST

मुंबई के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने अपने करियर को संवारने के लिए काउंटी क्रिकेट में खेलने का फैसला किया है। वो मौजूदा सीजन में नॉर्थहैम्पटनशर के लिए खेलते नजर आएंगे।

Image

पृथ्वी शॉ (साभार Delhi Capitals)

Photo : Twitter

मुंबई: पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ में खराब दौर से गुजर रहे भारतीय सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने अपने क्रिकेट करियर की पटरी पर लाने के लिए एक बड़ा फैसला किया है। पृथ्वी शॉ काउंटी क्रिकेट में शिरकत करने जा रहे हैं उन्होंने नॉर्थहैम्पटनशर काउंटी के साथ करार किया है। फिलहाल वो दलीप टॉफी में शिरकत कर रहे हैं। दलीप ट्रॉफी के बाद काउंट क्रिकेट खेलने इंग्लैंड रवाना हो जाएंगे।

नॉर्थहैम्पटनशर के लिए खेलने वाले चौथे भारतीय

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक नॉर्थहैम्पटनशर काउंटी के साथ जुड़ने का आधिकारिक तौर पर ऐलान कुछ दिन बाद किया जाएगा। पृथ्वी शॉ पहली बार काउंटी क्रिकेट का हिस्सा बनने जा रहे हैं। पृथ्वी शॉ से पहले बिशन सिंह बेदी, सौरव गांगुली, अनिल कुंबले नॉर्थहैम्पटनशर के लिए खेल चुके हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, पृथ्वी

नॉर्थहैम्पटनशर के लिए चार दिवसीय मैचों के अलावा रॉयल लंदन वनडे कप में भी शिरकत करेंगे। पश्चिम क्षेत्र की ओर से वो फिलहाल दलीप ट्रॉफी में शिरकत कर रहे हैं। जुलाई में सेंट्रल जोन के खिलाफ उन्हें मैच में उतरना है। इसके बाद दलीप ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला 12 से 16 जुलाई के बीच खेला जाएगा। उसके बाद ही पृथ्वी इंग्लैंड रवाना हो सकेंगे।

पिछले सीजन रणजी में मचाया था धमाल

पिछले सीजन पृथ्वी शॉ ने रणजी ट्रॉफी में असम के खिलाफ 379 रन की पारी खेली थी और मुंबई के लिए रणजी में सबसे बड़ी पारी खेलने का संजय मांजरेकर का रिकॉर्ड तोड़ा था। वो रणजी इतिहास में दूसरी सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेलने वाले खिलाड़ी भी बने थे।

ऐसा रहा है पृथ्वी का करियर

23 वर्षीय पृथ्वी शॉ ने अबतक करियर में 5 टेस्ट मैच खेले हैं। उन्होंने अपने डेब्यू टेस्ट में वेस्टइंडीज के खिलाफ शतक जड़ा था। टेस्ट करियर में उन्होंने 42.37 के औसत से 339 रन बनाए हैं। वहीं 6 वनडे में उन्होंने 31.50 के औसत से 189 रन बनाए हैं। वहीं प्रथम श्रेणी करियर में उन्होंने मुंबई के लिए खेलते हुए 42 मैच में 51.09 के औसत से 3679 रन बनाए हैं। जिसमें 12 शतक और 15 अर्धशतक शामिल हैं।

नवीन चौहान
नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

End of Article