World Cup 2023 Indian cricket team: क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 में टीम इंडिया लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। टीम ने अपने सारे मैच जीत लिए हैं और वे सबसे आगे चल रही है। भारत की ओर से विराट कोहली ने सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। उनकी परफॉर्मेंस की हरभजन सिंह ने 2011 वाले युवराज सिंह से तुलना की है।
युवराज सिंह 2011 वनडे विश्व कप में भारत की यादगार जीत के हीरो थे, जहां 28 साल के अंतराल के बाद भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम एक बार फिर विश्व चैंपियन बनी। युवराज सिंह ने 9 मैचों में 362 रन बनाए थे और 15 विकेट भी झटके थे। इसी के चलते उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के अवॉर्ड से नवाजा गया था।
विराट कोहली होंगे 2011 वाले युवराज सिंह
वनडे विश्व कप 2023 के लिए चुनी गई 15 सदस्यीय टीम में भारत ने हार्दिक पंड्या और जडेजा के रूप में दो विश्व स्तरीय ऑलराउंडरों को शामिल किया है और उनसे बड़ी भूमिका निभाने की उम्मीद है। लेकिन जब पूर्व भारतीय स्पिनर और 2011 वनडे विश्व कप विजेता टीम के सदस्य हरभजन सिंह से पूछा गया कि उनके अनुसार, इस साल के विश्व कप में 2011 युवराज सिंह की भूमिका कौन निभा सकता है, तो उन्होंने हार्दिक और जडेजा को नजरअंदाज कर दिया और इसके बजाय कोहली को टीम इंडिया के लिए 2023 का युवराज सिंह बनाने का समर्थन किया।
हरभजन सिंह ने कही ये बात
स्टार स्पोर्ट्स शो पर एक प्रशंसक के सवाल का जवाब देते हुए, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत के लिए तीसरे सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज ने कहा, “मुझे लगता है कि इस विश्व कप में भारतीय बल्लेबाजी लाइन-अप या यहां तक कि गेंदबाजी लाइन में भी कुछ गुणवत्ता वाले खिलाड़ी हैं। अगर हम बात करें तो बुमराह है, सिराज है, कुलदीप बड़ी अच्छी फॉर्म में है। एक पिक करना बड़ा मुश्किल होगा कि कौन वो युवराज सिंह बन सकता है। लेकिन अगर मुझे यह जिम्मेदारी किसी को देनी है तो मैं विराट कोहली को चुनूंगा जो 2023 का युवराज सिंह बनें और भारत के लिए कप जीतें।''
