क्रिकेट

ग्वालियर में नए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का हुआ उद्घाटन, खत्म होगा प्रशंसकों को 14 साल लंबा इंतजार

ग्वालियर में शनिवार को नए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन सीएम मोहन यादव ने किया। ग्वालियर के क्रिकेट प्रशंसकों का 14 साल का इंतजार अब खत्म हो सकता है।

Image

ग्वालियर के नए क्रिकेट स्टेडियम का उद्धाटन

KEY HIGHLIGHTS
  • ग्वालियर के नए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का हुआ उद्घाटन
  • माधव राव सिंधिया अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम है नाम
  • साल 2010 के बाद ग्वालियर में नहीं खेला गया है कोई अंतरराष्ट्रीय मैच

ग्वालियर: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शनिवार को यहां माधवराव सिंधिया अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन करते हुए कहा कि उनकी सरकार राज्य में क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव मदद करेगी। उनके साथ केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, भारतीय क्रिकेट बोर्ड के सचिव जय शाह और पूर्व क्रिकेटर कपिल देव भी मौजूद थे। यादव ने इस मौके पर एमपी क्रिकेट लीग भी लांच की। यादव ने कहा, 'यह स्टेडियम स्वर्गीय माधवराव सिंधिया के क्रिकेट के प्रति जुनून को याद करता है।'

30 हजार दर्शकों की है क्षमता

इंदौर में मौजूदा स्टेडियम के बाद यह मध्य प्रदेश का दूसरा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया (स्वर्गीय माधवराव सिंधिया के बेटे) ने अपने भाषण में कहा कि नये स्टेडियम में 30,000 लोगों के बैठने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि क्षमता को 50,000 तक बढ़ाने के लिए बीसीसीआई के सहयोग की जरूरत है जिस पर 110 करोड़ रुपये और खर्च होंगे। बीसीसीआई सचिव शाह ने कहा कि बोर्ड से 38 महासंघ जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा,'इनमें से एमपी क्रिकेट संघ भी एक है। इसके पास दो अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम हैं, जो क्रिकेट को बढ़ावा देंगे।'

खत्म होगा प्रशंसकों का 14 साल का इंतजार

ग्वालियर के क्रिकेट प्रशंसकों का 14 साल का इंतजार नए क्रिकेट स्टेडियम के उद्धाटन के बाद खत्म हो सकता है। भारत में आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2010 में खेला गया था। इसी मैच में सचिन तेंदुलकर ने वनडे क्रिकेट इतिहास का पहला दोहरा शतक जड़ा था। वो मुकाबला कैप्टन रूप सिंह स्टेडियम में खेला गया था। अब रूप सिंह स्टेडियम का नाम इतिहास के पन्नों में दर्ज हो जाएगा। ये मूल रूप से हॉकी का स्टेडियम था जिसे क्रिकेट स्टेडियम में तब्दील किया गया था। हॉकी के जादूगर ध्यानचंद के भाई और महान हॉकी खिलाड़ी रूप सिंह का नाम दिया गया था।

(भाषा इनपुट के साथ)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article