NEP vs WI 1st T20I: नेपाल ने रचा इतिहास, दो बार की वर्ल्ड चैंपियन वेस्टइंडीज को दी पहले टी20 में मात

नेपाल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ यूएई के शारजाह में खेले गए तीन मैच की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में जीत दर्ज करके इतिहास रच दिया है। जानिए कैसा रहा पहले टी20 मैच के पल पल का हाल?

शारजाह: दो बार की टी20 वर्ल्ड चैंपियन वेस्टइंडीज की टीम को नेपाल के खिलाफ तीन मैच की टी20 सीरीज के पहले ही मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है। रोहित पोडेल की कप्तानी वाली नेपाली टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 148 रन का स्कोर खड़ा किया था। इसके बाद जीत के लिए 149 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कैरेबियाई टीम को 19 रन के अंतर से रौंद दिया। वेस्टइंडीज की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 129 रन बना सकी। जीत के लिए आखिरी ओवर में वेस्टइंडीज की टीम को 28 रन बनाने थे लेकिन फेबियन ऐलन और ओबेद मैकॉय की जोड़ी ऐसा नहीं कर सकी। दीपेंद्र सिंह ऐरी ने आखिरी ओवर में 29 रन दिए। यह नेपाल की फुल मेंबर नेशन के खिलाफ किसी भी फॉर्मेट में पहली जीत है। ये जीत भी उन्होंने टी20 फॉर्मेट में दो बार की चैंपियन टीम के खिलाफ उसी फॉर्मेट में हासिल की है। यह जीत नेपाल के क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक है।

rohit paudel

नेपाल क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित पोडेल (फोटो क्रेडिट CAN X)

नेपाल ने बनाए 20 ओवर में 8 विकेट पर 148 रन

वेस्टइंडीज के कप्तान अकील हुसैन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी नेपाल की टीम 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 148 रन का स्कोर खड़ा करने में सफल रही। कप्तान रोहित पोडेल ने सबसे ज्यादा 38 रन की पारी खेली। वहीं 30 रन का योगदान कुशल मल्ला और 22 रन का गुलशन झा ने दिया। 17 रन दीपेंद्र सिंह ऐरी ने बनाए। विंडीज के लिए सबसे ज्यादा 4 विकेट जेसन होल्डर ने चटकाए। 3 विकेट नवीन बिदैसी के खाते में गए। एक सफलता कप्तान अकील हुसैन को मिली।

End of Feed