क्रिकेट

IND vs NEP: तीन ओवर में ऑल आउट हो गई भारतीय टीम, नेपाल ने 92 रन से हराया

IND vs NEP: नेपाल ने भारत को 92 रन से हरा दिया। इसके साथ ही हांगकांग सिक्सेस में भारत का सफल खत्म हो गया। मुकाबले में टॉस जीतकर नेपाल ने बल्लेबाजी चुनते हुए निर्धारित 6 ओवरों में बगैर कोई विकेट गंवाए 137 रन बनाए।

Image

भारत और नेपाल (साभार-X)

बल्लेबाजों के बाद गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत नेपाल ने हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस 2025 में भारत को 92 रन से शिकस्त दी। यह मुकाबला शनिवार को मोंग कोक स्थित मिशन रोड ग्राउंड में खेला गया। मुकाबले में टॉस जीतकर नेपाल ने बल्लेबाजी चुनते हुए निर्धारित 6 ओवरों में बगैर कोई विकेट गंवाए 137 रन बनाए। कप्तान संदीप जोरा ने राशिद खान के साथ 29 गेंदों में 104 रन जुटाए। राशिद 17 गेंदों में 6 छक्कों और 4 चौकों के साथ 55 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए।

इसके बाद लोकेश बाम तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे, जिन्होंने कप्तान के साथ 7 गेंदों में 33 रन जोड़ते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया।

संदीप 12 गेंदों में 47 रन बनाकर नाबाद रहे। उनकी इस पारी में 5 छक्के और 4 चौके शामिल रहे, जबकि लोकेश ने 7 गेंदों में 31 रन की पारी खेली।

इसके जवाब में भारतीय टीम ने महज 3 ओवरों में 45 के स्कोर पर सभी 6 विकेट गंवा दिए। इस टीम को चौथी गेंद पर रॉबिन उथप्पा के रूप में झटका लगा। उथप्पा टीम के खाते में सिर्फ 5 ही रन का योगदान दे सके। दूसरे ओवर में प्रियांक पांचाल (12) और स्टुअर्ट बिन्नी (0) भी चलते बने। तीसरे ओवर की पहली गेंद पर टीम ने कप्तान दिनेश कार्तिक (7) का विकेट गंवा दिया। तीसरी गेंद पर भरत चिपली (12) भी आउट हो गए। ओवर की अंतिम गेंद पर टीम ने शाहबाज नदीम (7) के रूप में अपना आखिरी विकेट खो दिया।

नेपाल की ओर से राशिद खान ने 7 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि बसीर अहमद ने 2 विकेट निकाले। शेष 1 विकेट रूपेश सिंह को हाथ लगा।

भारत ने हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस 2025 के अपने पहले मैच में पाकिस्तान को डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर 2 रन से हराया था। इसके बाद भारतीय टीम को कुवैत के हाथों 27 रन से हार झेलनी पड़ी। भारत ने शनिवार को अपने पहले मुकाबले में यूएई के हाथों 4 विकेट से हार का सामना किया।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article