क्रिकेट

NAM vs Oman Highlights: सुपर ओवर में डेविड वीजे ने दिखाई अपनी क्लास, नामीबिया ने रोमांचक तरीके से ओमान को दी मात

Namibia vs Oman Highlights: टी20 वर्ल्ड कप 2024 के तीसरे मुकाबले में रोमांच की सारी हदें बार हो गई हैं। इसमें 40 ओवर बाद भी नतीजा नहीं निकला जिसके बाद सुपर ओवर में डेविड वीजे ने अपना अनुभव दिखाते हुए नामीबिया को जीत दिला दी।

Image

डेविड वीजे (फोटो- ICC)

Namibia vs Oman Highlights: टी20 वर्ल्ड कप 2024 के तीसरे मुकाबले में नामीबिया क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओमान को मात दे दी है। मैच में रोमांच की सारी हदें पार हो गई और 40 ओवर की समाप्ति के बाद भी कोई भी नतीजा नहीं निकल पाया। ऐसे में सुपर ओवर में मैच पहुंच गया जिसमें नामीबिया ने जीत दर्ज कर ली। मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी नामीबिया की टीम ने ओमान की हालत खराब कर दी। टीम के गेंदबाजों के आगे ओमान के बल्लेबाजों की एक ना चली और वे केवल 109 रनों पर ही ऑलआउट हो गए। हालांकि इस आसान लक्ष्य का पीछा करने में नामीबिया के पसीने छूट गए। वे 20 ओवर में इसे हासिल नहीं कर पाए और मैच टाई हो गया। हालांकि सुपर ओवर में नामीबिया ने 21 रन बनाए जिसे ओमान हासिल नहीं कर पाया।

वेस्टइंडीज के बारबाडोज स्थित केनिंगटन ओवल मैदान पर खेले गए इस मैच में दोनों ही पारियों में गेंदबाजों का दबदबा रहा और गेंद से स्विंग के साथ-साथ स्पिन भी देखने को मिली। नामीबिया की जीत के हीरो डेविड वीजे रहे जिन्होंने सुपर ओवर में 13 रन बनाए और गेंदबाजी में भी 21 रनों को डिफेंड किया।

ओमान की खराब बल्लेबाजी

मैच में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी ओमान की टीम की बैटिंग बेहद ही खराब रही। टीम को पहले ओवर में ही रूबेन ट्रम्पेलमैन ने दो बड़े झटके दे दिए। उन्होंने प्रजापति और ओमान के कप्तान आकिब इलियास को गोल्डन डक पर आउट कर दिया। इसके बाद जिशान मकसुद ने पारी को संभालने की कोशिश की लेकिन वे भी 21 रन बनाकर आउट हो गए। उनके बाद लगातार विकटों की झड़ी लग गई और खालिद कली के अलावा कोई भी बल्लेबाज 30 का भी आंकड़ा पार नहीं कर सका।

मेहरन खान ने नामीबिया के उड़ाए होश

इस छोटे से लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया की टीम के पसीनें छूट गए। टीम को पहले ही ओवर में एक बड़ा झटका लग गया था। इसके बाद जेन फ्रायलिंक ने एक छोर से पारी को संभाले रखा लेकिन टीम सामने से लगातार विकेट गंवा रही थी। अंतिम ओवर में नामीबिया को जीत के लिए केवल 5 रन बनाने थे लेकिन सामने मेहरन खान गेंदबाजी करने आए और सभी को हैरान कर दिया। मेहरन खान ने अंतिम ओवर में 3 विकेट झटके और केवल 4 रन देकर मैच को सुपर ओवर में पहुंचा दिया।

सुपर ओवर में डेविड वीजे ने पलटी बाजी

सुपर ओवर में नामीबिया ने पहले बल्लेबाजी की। टीम की ओर से बैटिंग करने उतरे वीजे ने शुरुआती चार गेंदों पर ही 13 रन बना दिए। इसके बाद कप्तान गेराल्ड इरासमस ने भी 2 चौके जड़कर एक ओवर में ही 21 रन बना दिए। इसके जवाब में ओमान की टीम केवल 10 रन बना पाई और हार गई।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article