मुंबई: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने शुक्रवार को आगामी टी20 वर्ल्ड कप के लिए तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के विकल्प की घोषणा कर दी है। बीसीसीआई ने ट्वीट करके जानकारी दी कि मोहम्मद शमी टी20 वर्ल्ड कप में चोटिल जसप्रीत बुमराह की जगह भारतीय टीम में लेंगे। भारतीय बोर्ड ने विज्ञप्ति जारी करके कहा, 'अखिल भारतीय सीनियर चयन समिति ने टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम में जसप्रीत बुमराह के विकल्प के रूप में मोहम्मद शमी को शामिल किया है। शमी ऑस्ट्रेलिया पहुंच चुके हैं और अभ्यास मैचों से पहले ब्रिस्बेन में भारतीय स्क्वाड से जुड़ेंगे। मोहम्मद सिराज और शार्दुल ठाकुर को बैकअप के रूप में रखा गया है और यह जल्द ही ऑस्ट्रेलिया रवाना होंगे।'
जसप्रीत बुमराह
🚨 NEWS 🚨: Shami replaces Bumrah In India’s ICC Men’s T20 World Cup Squad. #TeamIndia | #T20WorldCup Details 🔽 t.co/nVovMwmWpI
— ANI (@ANI) Oct 14, 2022
बता दें कि जसप्रीत बुमराह पीठ में स्ट्रेस रिएक्शन के कारण आगामी टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गए हैं। बुमराह को इंग्लैंड दौरे पर चोट लगी थी, जिसके चलते वह एशिया कप में हिस्सा नहीं ले सके थे। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बुमराह ने वापसी जरूर की, लेकिन दो मैच खेलने के बाद वह दर्द से जूझने लगे। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टी20 इंटरनेशनल मैच से पूर्व बुमराह को ज्यादा दर्द हुआ, जिसके कारण वो सीरीज से बाहर हो गए। खबरें मिली कि जसप्रीत बुमराह को पीठ में स्ट्रेस रिएक्शन है और चार से छह सप्ताह में फिट हो जाएंगे। मगर फिर अपडेट आया कि बुमराह टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा नहीं ले सकेंगे।
बता दें कि काफी पहले से ही चर्चा चल रही थी कि मोहम्मद शमी को जसप्रीत बुमराह के विकल्प के रूप में शामिल किया जाएगा। हालांकि, चिंता का विषय यह है कि शमी ने अपना आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच पिछले साल वर्ल्ड कप में खेला था। इसके बाद से शमी ने एक भी टी20 इंटरनेशनल मैच नहीं खेला। शमी को इसलिए शामिल किया गया क्योंकि जानकारों का मानना है कि उनके पास ऑस्ट्रेलिया में खेलने का अच्छा अनुभव है। शमी के पास गति और उछाल है, जो ऑस्ट्रेलियाई पिचों पर बल्लेबाजों को तंग कर सकती हैं। अब देखना होगा कि शमी किस तरह टी20 वर्ल्ड कप में धमाल मचाएंगे।
