मैनचेस्टर: भारतीय टेस्ट टीम के उपकप्तान ऋषभ पंत इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में खेले जा रहे सीरीज के पहले टेस्ट मैच के पहले दिन चायकाल के बाद चोटिल हो गए। गेंद उनके दाहिने पैर के पंजे में लगी। गेंद के लगने के बाद पंत को असहनीय दर्द हुआ और इसके बाद उन्हें रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन वापस लौटना पड़ा। पंत को उसके बाद अस्पताल ले जाया गया जहां उनका स्कैन किया गया। रिपोर्ट आईं कि उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया है और उन्हें छह सप्ताह के लिए क्रिकेट से दूर रहना पड़ेगा।
बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरते चोटिल ऋषभ पंत (फोटो क्रेडिट AP)
इसके बाद बीसीसीआई ने दूसरे दिन का खेल शुरू होने से पहले पंत की चोट पर अपडेट जारी किया कि वो विकेटकीपिंग नहीं करेंगे। लेकिन टीम को जरूरत पड़ी तो वो बैटिंग करने मैदान पर उतरेंगे। दूसरे दिन शार्दुल ठाकुर के बेन स्टोक्स की गेंद पर आउट होने का बाद हर किसी की नजरें पवेलियन की ओर मुड़ गईं जहां से पंत लड़खड़ाते हुए सीढ़ियों से उतरकर मैदान की ओर बढ़ रहे थे। ये भारतीय टीम के लिए अच्छी और इंग्लैंड के लिए थोड़ी बुरी खबर थी।
दर्शकों ने किया पंत की दिलेरी को सलाम
पंत को बल्लेबाजी के लिए मैदान में आता देख मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में मौजूद दर्शक खड़े हो गए और तालियां बजाकर उनकी दिलेरी को सलाम किया। पंत जब तक बल्लेबाजी के लिए नहीं पहुंच गए तब तक तालियां बजती रहीं और दर्शक खड़े रहे।
बारिश की वजह से रुका खेल
पंत जब रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन वापस लौटे थे तब टीम इंडिया का स्कोर तीन विकेट पर 212 रन था। ऐसे में जब वो दोबारा बल्लेबाजी करने उतरे तब टीम ने 6 विकेट खोकर 314 रन बना लिए थे। पंत ने 37(48) रन से अपनी पारी को आगे बढ़ाया लेकिन लंच होने से पहले बारिश की वजह से खेल रोक देना पड़ा। पंत लंच तक अपने खाते में दो रन और जोड़ सके थे। वो मैदान पर संघर्ष कर रहे थे लेकिन हर कोई उनकी दिलेरी की तारीफ कर रहा था।
