MI vs LSG Highlights: लखनऊ सुपर जायंट्स ने पांच बार की चैम्पियन मुंबई इंडियंस को 18 रन से हराया। टीम की यह मौजूदा सीजन में 7वीं जीत है, जबकि मुंबई की यह 10वीं हार है। लखनऊ की टीम 14 अंक के साथ छठे नंबर पर रही, जबकि मुंबई की टीम 8 अंक के साथ 10वें नंबर पर रही। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में मुंबई ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ ने 6 विकेट के नुकसान पर 214 रन बनाए। जवाब में खेलने उतरी मुंबई की टीम निर्धारित ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 196 रन बना सकी।
लखनऊ सुपर जायंट्स टीम के खिलाड़ी। (फोटो- IPL/BCCI)
पूरन-राहुल ने खेली आतिशी पारी
निकोलस पूरन और केएल राहुल की आतिशी पारी की बदौलत लखनऊ सुपर जायंट्स ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 214 रन बनाए। निकोलस पूरन की 29 गेंद में 75 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। पूरन ने अपनी पारी में पांच चौके और आठ छक्के जड़े। इसके अलावा कप्तान लोकेश राहुल ने भी अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने 41 गेंदों पर 3 चौके और 3 छक्के की मदद से 55 रन बनाए। राहुल और पूरन ने 44 गेंद में 109 रन की साझेदारी कर टीम को मुश्किल परिस्थिति से बाहर निकाला। आखिरी ओवरों में आयुष बडोनी ने 10 गेंद पर नाबाद 22 रन बनाए। कृणाल पंड्या ने सात गेंद में नाबाद 12 रन बनाए। दोनों खिलाड़ियों ने सातवें विकेट के लिए 17 गेंदों में 36 रन की साझेदारी कर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। मुंबई के लिए नुवान तुषारा ने 28 रन देकर तीन, जबकि पीयूष चावला ने 29 रन देकर तीन विकेट लिए। टीम के बाकी सभी गेंदबाज काफी महंगे साबित हुए।
रोहित ने घर में खेली तूफानी पारी
जवाब में खेलने उतरी मुंबई इंडियंस पने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 196 रन बना पाई। मुंबई ने अच्छी शुरुआत की। टीम को पहला झटका 88 रन पर डेवाल्ड ब्रेविस के रूप में लगा। ब्रेविस 23 रन पर आउट हो गए। इसके बाद सूर्यकुमार यादव आए, लेकिन वे खाता खोले बिना वापस लौट गए। वे मौजूदा सीजन में तीसरी बार शून्य पर आउट हुए। रोहित शर्मा ने तूफानी पारी खेली। उन्होंने 28 गेंदों पर 7 चौके और 3 छक्के की मदद से अर्धशतक पूरा किया। रोहित 38 गेंदों पर 10 चौके और 3 छक्के की मदद से सबसे ज्यादा 68 रन बनाए। हार्दिक पंड्या कप्तानी पारी नहीं खेल पाए। वे 13 गेंदों पर एक चौके और इतने ही छक्के की मदद से 16 रन बनाए। नमन धीर ने अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने 25 गेंदों पर 4 चौके और 4 छक्के की मदद से अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 28 गेंदों पर 4 चौके और 5 छक्के की मदद से 62 रन की नाबाद पारी खेली। लखनऊ के नवीन उल हक और रवि बिश्नोई ने दो-दो विकेट चटकाए।
