IPL 2023, SRH vs KKR Highlights: आईपीएल के 47वें मुकाबले में कोलकाता नाईट राइडर्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 5 रन से हरा दिया। हैदराबाद के सामने जीत के लिए 172 रन का लक्ष्य था, लेकिन कोलकाता की सधी हुई गेंदबाजी के सामने टीम 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 166 रन ही बना सकी। हैदराबाद को आखिरी ओवर में 9 रन की दरकार थी, लेकिन वरुण चक्रवर्ती ने इस ओवर में अब्दुल समद का विकेट लेकर केवल 3 रन दिए। कोलकाता की तरफ से शार्दूल ठाकुर और वैभव अरोड़ा ने 2-2 विकेट झटके।
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता नाईट राइडर्स ने 9 विकेट के नुकसान पर 171 रन बनाए। कोलकाता की तरफ से रिंकू सिंह ने 46 और नीतीश राणा ने 42 रन की पारी खेली। इन दोनों के अलावा आंद्रे रसेल ने 24 और जेसन रॉय ने 20 रन बनाए। हैदराबाद की तरफ से टी नटराजन और मार्को यान्सेन ने 2-2 विकेट झटके।
हैदराबाद की पारी
172 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की तरफ से पारी की शुरुआत मयंक अग्रवाल और अभिषेक शर्मा ने की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 29 रन की साझेदारी की, लेकिन मयंक अग्रवाल 11 गेंद में 18 रन बनाकर आउट हो गए। अगले ही ओवर में अभिषेक शर्मा 9 रन बनाकर आउट हो गए। विकेट गिरने का सिलसिला लगातार जारी रहा। नतीजा 54 रन के स्कोर पर हैदराबाद अपने टॉप चार बल्लेबाजों को खो चुकी है।कोलकाता नाईट राइडर्स की पारी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता की शुरुआत अच्छी नहीं रही और केवल 8 रन के स्कोर पर उसने रहमानुल्लाह गुरबाज का विकेट गंवा दिया। वह खाता भी नहीं खोल पाए और मार्को यान्सेन की गेंद पर हैरी ब्रूक को कैच दे बैठे। इसी ओवर में कोलकाता ने एक और विकेट गंवा दिया जब वेंकटेश अय्यर 7 रन के निजी स्कोर पर क्लासेन को कैच दे बैठे। तीसरे विकेट के लिए रॉय और नीतीश राणा ने 19 रन जोड़े। जब ऐसा लग रहा था कि दोनों की साझेदारी कोलकाता को मैच में वापस ले आएगी। उसी वक्त जेसन रॉय 20 रन बनाकर कार्तिक त्यागी की गेंद पर आउट हो गए।चौथे विकेट के लिए रिंकू सिंह और नीतीश राणा ने 61 रन की साझेदारी कर कोलकाता की मैच में वापसी कराई। नीतीश राणा 31 गेंद पर 42 रन बनाकर आउट हुए। उसके बाद एक बार फिर विकेट गिरने का सिलसिला शुरू हो गया और 20 ओवर में कोलकाता की टीम 9 विकेट के नुकसान पर 171 रन ही बना पाई। कोलकाता की तरफ से 35 गेंद पर सर्वाधिक 46 रन की पारी रिंकू सिंह ने खेली।
प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए दोनों टीमों के लिए जीत जरूरी है। प्वाइंट्स टेबल की बात करें तो जहां हैदराबाद की टीम 8 मैच में से 3 मुकाबला जीतकर 9वें नंबर पर जबकि 9 में से 3 मुकाबला जीतक कोलकाता की टीम 8वें नंबर पर बनी हुई है।
पिछले मुकाबले की बात करें तो कोलकाता को गुजरात टाइटंस के खिलाफ हार मिली थी तो वहीं सनराइजर्स हैदराबाद की टीम दिल्ली के खिलाफ 9 विकेट से जीतकर यहां पहुंची है। पिछले मैच में कोलकाता को जेसन रॉय की कमी खली थी और ऐसे में यदि वह वापसी करते हैं तो कोलकाता की टीम मजबूत होगी। वहीं हैदराबाद की तरफ से हैरी ब्रूक को रन बनाने होंगे।
हेड टू हेड में कोलकाता का पलड़ा भारी
हेड टू हेड की बात करें तो कोलकाता नाईट राइडर्स का पलड़ा भारी है। अब तक दोनों टीम के बीच 25 मुकाबले खेले गए, जिसमें से 16 में कोलकाता को और केवल 9 मुकाबले में हैदराबाद को जीत मिली है।
