IPL 2023, CSK vs KKR Highlights: आईपीएल के 61वें मुकाबले में कोलकाता नाईट राइडर्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 6 विकेट से हरा दिया। कोलकाता के सामने जीत के लिए 145 रन का लक्ष्य था, जिसे उसने 9 गेंद शेष रहते हुए 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। कोलकाता के लिए जीत के हीरो रहे रिंकू सिंह और नीतीश राणा जिन्होंने न केवल अर्धशतकीय पारी खेली बल्कि चौथे विकेट के लिए महत्वपूर्ण 99 रन की साझेदारी की। एक वक्त 33 रन के स्कोर 3 विकेट गंवा चुकी कोलकाता संघर्ष कर रही थी।
नीतीश राणा और रिंकू सिंह
चेन्नई की तरफ से दीपक चाहर ने 3 विकेट चटकाए। इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने शिवम दुबे के नाबाद 48 और रवींद्र जडेजा की 20 रन की पारी के दम पर 6 विकेट खोकर 144 रन बनाए। इन दोनों के अलावा डेवॉन कॉनवे ने 30 रन की पारी खेली। कोलकाता की तरफ से स्पिन गेंदबाजों का दबदबा रहा। वरुण चक्रवर्ती और सुनील नरेन ने 2-2 विकेट झटके। इन दोनों के अलावा शार्दुल ठाकुर ने 1 विकेट चटकाया।
कोलकाता नाईट राइडर्स की पारी
145 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता की शुरुआत अच्छी नहीं रही और केवल 4 के स्कोर पर उसन रहमानुल्लाह गुरबाज का विकेट गंवा दिया। तीसरे ओवर में ही कोलकाता को एक और झटका लगा जब वेंकटेश अय्यर 9 रन बनाकर आउट हुए। जेसन रॉय भी कुछ खास नहीं कर पाए और 15 गेंद पर 12 रन बनाकर आउट हो गए। चौथे विकेट के लिए रिंकू सिंह और नीतीश राणा ने 99 रन की साझेदारी कर कोलकाता को जीत दिला दी। रिंकू सिंह ने 43 गेंद पर 54 रन की पारी खेली, जबकि नीतीश राणा 44 गेंद में 57 रन बनाकर नाबाद रहे। इस जीत के साथ ही कोलकाता ने अपने प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को जिंदा रखा है।चेन्नई सुपर किंग्स की पारी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई की शुरुआत अच्छी नहीं रही। गायकवाड और कॉनवे पहले विकेट के लिए 31 रन ही जोड़ पाए। 17 रन बनाकर गायकवाड वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर वैभव अरोड़ा के हाथो आउट हुए। चेन्नई ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए, लेकिन छठे विकेट के लिए शिवम दुबे और रवींद्र जडेजा ने 68 रन की साझेदारी कर चेन्नई की वापसी करा दी। जडेजा 20 रन बनाकर आउट हुए जबकि शिवम दुबे ने 34 गेंद पर नाबाद 48 रन की पारी खेली।
