Karun Nair Double Century: भारतीय बल्लेबाज करुण नायर ने शनिवार को इंग्लैंड लायंस के खिलाफ शानदार दोहरा शतक जड़कर टेस्ट टीम में वापसी के लिए मजबूत दावा पेश किया। सेंट लॉरेंस ग्राउंड पर खेले जा रहे इस अंडर-टेस्ट मैच में करुण ने सिर्फ 272 गेंदों में 200 रन बनाए और भारत को 450 रन के पार तक पहुँचाने में अहम भूमिका निभाई।
करुण नायर (फोटो- X)
दोहरा शतक पूरा करने के बाद करुण नायर ने कोई जोरदार उत्सव नहीं किया, बल्कि शांत भाव से हेलमेट उतारकर अपनी जर्सी पर लगे भारतीय झंडे को चूम लिया। यह पल उनके लिए विशेष था, क्योंकि वह क्रिकेट में दूसरा मौका पाने के लिए आभार व्यक्त कर रहे थे।
ध्रुव जुरेल का शानदार प्रदर्शन
ध्रुव जुरेल, जिन्होंने आईपीएल 2025 में शानदार फॉर्म दिखाया था उन्होंनेभी इस मैच में 94 रन की बेहतरीन पारी खेली। हालांकि, वह अपना शतक पूरा नहीं कर पाए और स्लिप में कैच देकर पवेलियन लौट गए। करुण और जुरेल ने साथ मिलकर सिर्फ 234 गेंदों में 195 रन की साझेदारी की, जिससे भारत ने मैच में बड़ा स्कोर खड़ा किया।
टेस्ट टीम में नंबर 3 की दावेदारी
विराट कोहली के संन्यास के बाद भारतीय टीम में नंबर 3 की पोजीशन खाली हो गई है। ऐसे में करुण नायर ने इस मैच में अपनी परिपक्वता और स्थिरता से यह संदेश दे दिया है कि वह इस भूमिका के लिए सबसे मजबूत उम्मीदवार हैं। अगर टेस्ट सीरीज में केएल राहुल और यशस्वी जयसवाल ओपनिंग करते हैं, तो करुण नायर को सई सुधर्शन से आगे रखा जा सकता है।
रणजी और विजय हजारे ट्रॉफी में धमाल
यह दोहरा शतक करुण नायर के लिए कोई नई बात नहीं है। रणजी ट्रॉफी 2025 में उन्होंने विदर्भ के लिए 9 मैचों में 863 रन बनाए, जिसमें 4 शतक और 2 अर्धशतक शामिल थे। फाइनल में भी उन्होंने केरल के खिलाफ शतक जड़कर विदर्भ को खिताब दिलाया। इसके अलावा, विजय हजारे ट्रॉफी में उन्होंने 8 पारियों में 779 रन बनाए, जिसमें 5 शतक शामिल थे।
शार्दुल ठाकुर का धमाकेदार बल्लेबाजी
जुरेल के आउट होने के बाद ऑलराउंडर नितीश रेड्डी और शार्दुल ठाकुर ने बल्लेबाजी की। शार्दुल ने अपने आक्रामक अंदाज में कई चौके-छक्के जड़कर इंग्लैंड लायंस के गेंदबाजों को परेशान कर दिया। वहीं, करुण नायर दूसरे छोर पर शांत और स्थिर रहकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुँचाया।
