क्रिकेट

Ravi Ashwin Retirement: उचित विदाई का हकदार था... जानिए भारतीय दिग्गज ने अश्विन को लेकर ऐसा क्यों कहा

Ravi Ashwin Retirement: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा टेस्ट मुकाबला ड्रॉ रहा। इस मुकाबले के बाद टीम इंडिया के स्टार गेंदबाज रवि अश्विन ने अचानक से क्रिकेट को अलविदा कह दिया। उनके इसके फैसले पर भारतीय दिग्गज कपिल देव का बयान आया है। उनका मानना है कि लगता है कि अश्विन किसी चीज को लेकर नाखुश थे।

Image

कपिल देव और रवि अश्विन। (फोटो- Kapil Dev/BCCI X)

Photo : Twitter

Ravi Ashwin Retirement: रविचंद्रन अश्विन के अचानक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के फैसले से विश्व कप विजेता कप्तान कपिल देव भी हैरान हैं और उनका मानना है कि यह स्टार ऑफ स्पिनर विशेषकर घरेलू धरती पर उचित विदाई का हकदार था। अश्विन ने भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच ब्रिस्बेन में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा करके क्रिकेट जगत को चौंका दिया था। कपिल का मानना है कि लगता है कि अश्विन किसी चीज को लेकर नाखुश थे।

कपिल ने पीटीआई को जारी बयान में कहा, ‘‘मैं इस बात से हैरान था कि भारत के महानतम क्रिकेटरों में से एक ने खेल छोड़ने का फैसला कैसे किया। प्रशंसक निराश हैं लेकिन मैंने उसके चेहरे पर भी निराशा के भाव देखे। वह निराश दिख रहा था और यह दुखद है। वह इससे बेहतर विदाई का हकदार था। वह उचित विदाई का हकदार था।’ अश्विन ने एक महत्वपूर्ण श्रृंखला के बीच में संन्यास लेने का फैसला किया और कपिल इसके पीछे के कारण जानना चाहते हैं।

उन्होंने कहा,‘वह इंतजार कर सकता था और भारतीय धरती पर अपने संन्यास की घोषणा कर सकता था लेकिन मुझे नहीं पता कि उसने अभी ऐसा क्यों किया। मैं उनका पक्ष भी सुनना चाहता हूं। वह उस सम्मान का हकदार है। उसने देश की तरफ से 106 टेस्ट मैच खेले हैं। मुझे नहीं लगता कि भारतीय क्रिकेट में उनके अमूल्य योगदान की कोई बराबरी कर सकता है।’ कपिल ने उम्मीद जताई कि भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) अश्विन की शानदार विदाई के लिए उचित प्रबंध करेगा।

उन्होंने कहा, ‘मुझे पूरा विश्वास है कि बीसीसीआई भारतीय टीम के इस मैच विजेता की शानदार विदाई के लिए उचित प्रबंध करेगा।’ कपिल ने कहा कि अश्विन एक दिग्गज, बहुमुखी और अपरंपरागत गेंदबाज थे, जो लगातार अपनी गति में बदलाव और चतुराई भरी लाइन और लेंथ से बल्लेबाजों को परेशान करते थे। उन्होंने कहा,‘वह प्रयोग करने के लिए हमेशा तैयार रहता था और यह चीज उसे अन्य से अलग करती थी। एक ऐसा खेल जिसमें बल्लेबाजों को अधिक प्रशंसा मिलती है, उसमें अश्विन ने अपने लिए अलग से जगह बनाई।’

पूर्व भारतीय कप्तान ने कहा, ‘अश्विन साहसी गेंदबाज था। वह मैच में किसी भी समय गेंदबाजी कर सकता था। क्या आपको ऐसे गेंदबाज मिलते हैं जो बहुत अच्छे रणनीतिकार हों और परिस्थितियों से तेजी से सामंजस्य से बिठाते हों। वह कप्तान का सबसे पसंदीदा गेंदबाज था।’ कपिल ने कहा,‘वह भारत की तरफ से सर्वाधिक मैन ऑफ द सीरीज पुरस्कार जीतने वाला खिलाड़ी था। वह कभी हार न मानने वाला खिलाड़ी था।’ उन्होंने कहा, ‘वह एक दुर्लभ स्पिनर था जो अनिल कुंबले की तरह ही नई गेंद से गेंदबाजी कर सकता था। भगवान का शुक्र है कि मुझे उसके साथ नहीं खेलना पड़ा। अश्विन के कारण मैं अपनी जगह गंवा देता।’

(भाषा)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article