पोर्ट ऑफ स्पेन त्रिनिदाद में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में टीम इंडिया ने अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। वेस्टइंडीज के खिलाफ क्लीन स्वीप करने के लिए अब टीम इंडिया को आखिरी दिन केवल 8 विकेट की दरकार है, जबकि वेस्टइंडीज के सामने 289 रन बनाने का कठिन टास्क है। इससे पहले भारत ने अपनी दूसरी पारी 2 विकेट के नुकसान पर 181 रन बनाकर घोषित कर दी और वेस्टइंडीज को चौथी पारी में 365 रन का लक्ष्य दिया। चौथे दिन का खेल खत्म होने तक वेस्टइंडीज ने 2 विकेट के नुकसान पर 76 रन बना लिए हैं। तेजनारायण चंद्रपॉल 24 और ब्लैकवुड 20 रन बनाकर खेल रहे हैं।
ईशान किशन (साभार-AP)
ईशान ने जड़ा मेडन हाफ सेंचुरी
इससे पहले लगातार 3 पारियों में कुछ खास नहीं कर पाने वाले ईशान किशन का चौथी पारी में आखिरकार बल्ला चला और उन्होंने 34 गेंद पर ताबड़तोड़ 52 रन की पारी खेल दी। उनकी पारी में ऋषभ पंत की झलक दिखी। उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 2 छक्के लगाए। इतना ही नहीं वह पंत के बल्ले से ही बल्लेबाजी कर रहे थे।
बैट पोजिशन ठीक करने में पंत को क्रेडिट
इतना ही नहीं ईशान किशन ने यह भी बताया कि कैसे ऋषभ पंत ने उनके बैट पोजिशन को ठीक करने में मदद की। उन्होंने कहा 'यहां आने से पहले जब हम एनसीए (NCA) में थे तो और प्रैक्टिस कर रहे थे तो उसने मेरी बैट पोजिशन को लेकर थोड़ी सलाह दी थी। इसके लिए मैं उनका धन्यवाद करता हूं।'
ईशान ने मैच में टीम इंडिया की स्थिति को लेकर कहा कि हम मैच में आगे हैं और आखिरी दिन शुरुआत में जल्दी विकेट लेने की कोशिश करेंगे। हमेशा से टेस्ट क्रिकेट खेलने मेरा सपना रहा था। इसके लिए मैं अपने माता-पिता को धन्यवाद कहना चाहता हूं जिन्होंने हमेशा मेरा साथ दिया।
