क्रिकेट

इरफान पठान ने कहा- गिल की खराब फॉर्म एक बुरा संकेत, इससे टीम प्रबंधन पर दबाव बढ़ रहा है

Irfan Pathan on Shubman Gill poor form: भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान का मानना है कि शुभमन गिल की खराब फॉर्म न केवल उन पर व्यक्तिगत रूप से बल्कि टीम प्रबंधन पर भी दबाव बढ़ा रही है। पठान ने जियो हॉटस्टार पर कहा कि संजू सैमसन को वापस लाकर पहले की तरह के सफल बल्लेबाजी संयोजन को बहाल करना भी उतना आसान नहीं होगा, क्योंकि केरल के इस खिलाड़ी को भी अपनी लय वापस पाने में कुछ समय लगेगा।

Image

इरफान पठान ने शुभमन गिल पर दिया बयान (AP/PTI)

भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान का मानना है कि शुभमन गिल की खराब फॉर्म न केवल उन पर व्यक्तिगत रूप से बल्कि टीम प्रबंधन पर भी दबाव बढ़ा रही है। पठान ने जियो हॉटस्टार पर कहा कि संजू सैमसन को वापस लाकर पहले की तरह के सफल बल्लेबाजी संयोजन को बहाल करना भी उतना आसान नहीं होगा, क्योंकि केरल के इस खिलाड़ी को भी अपनी लय वापस पाने में कुछ समय लगेगा।

भारत के लिए टी20 में सलामी बल्लेबाज के तौर पर सैमसन काफी सफल रहे थे। इसके बाद जब गिल को टी20 उप-कप्तान बनाया गया तो सैमसन की जगह उन्हें सलामी बल्लेबाज के तौर पर उतारा गया। भारत की टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान गिल हालांकि खेल के सबसे छोटे प्रारूप में रन बनाने के लिए जूझ रहे हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में वह खाता भी नहीं खोल पाए।

पठान ने कहा, ‘‘शुभमन गिल कह सकते हैं कि उन्होंने एक बहुत अच्छी गेंद पर अपना विकेट गंवाया। अगर गिल फॉर्म में होते तो वे उस गेंद को आसानी से खेल लेते। वे फॉर्म में नहीं हैं। जहां तक कप्तान सूर्यकुमार यादव की बात है तो मुझे लगता है कि उन्हें अपने ऑफ साइड के खेल पर ध्यान देने की जरूरत है। जब वे आउट हुए तो वे पूरी तरह से गलत पोजीशन में थे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ गिल का रन नहीं बना पाना एक बुरा संकेत है और इससे उन पर और टीम प्रबंधन पर दबाव बढ़ जाता है। वे सोच रहे होंगे कि क्या किया जाए। यह स्थिति और खराब नहीं होनी चाहिए।’’ पठान ने कहा, ‘‘अगर उनसे फिर भी रन नहीं बन पा रहे हैं तो आप संजू सैमसन को वापस लाकर उनसे तुरंत अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद नहीं कर सकते, खासकर तब जब वह भी लय में न हों। इससे कई सवाल पैदा हो गए हैं। अगर वे सैमसन को वापस अंतिम एकादश में शामिल करते हैं, तो उनके लिए रन बनाना बेहद महत्वपूर्ण हो जाता है।’’

उन्होंने सूर्यकुमार की मुश्किलों का भी जिक्र किया, जो कप्तानी संभालने के बाद से कोई बड़ा स्कोर नहीं बना पाए हैं। पठान ने कहा, ‘‘सूर्या पर दबाव होगा क्योंकि वह कप्तान हैं और कप्तान होने के नाते अंतिम एकादश में आपकी जगह स्वतः ही पक्की हो जाती है। एक खिलाड़ी के तौर पर अगर आपने एक साल में रन नहीं बनाए हैं, तो आप दबाव में होते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘विश्व कप (अगले साल फरवरी-मार्च में) से पहले उन्हें अपनी फॉर्म में वापसी करनी होगी। उन्हें बल्लेबाजी की सही स्थिति और बेहतर शॉट चयन की जरूरत है। सूर्या लेग साइड की तरफ सीधी गेंद पर आउट हो रहे हैं। जब आप इस तरह से आउट हो रहे हैं तो आपको ऑफ साइड में अधिक खेलने की कोशिश करनी चाहिए।’’

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article