IPL 2026, RCB vs CSK Preview: लगातार दूसरी जीत दर्ज करने के इरादे से उतरेगी RCB, चेन्नई के पास होगी साख बचाने की चुनौती

IPL 2026, RCB vs CSK Match Preview: आईपीएल 2026 के 11वें मुकाबले में रॉयल चैलेजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा। यह मुकाबला बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। जानिए इस मुकाबले से जुड़ी जरूरी बातें-

IPL 2026, RCB vs CSK Match Preview: अपने पहले मैच में शानदार जीत हासिल करने के बाद पर्याप्त आराम पाने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की टीम रविवार को अपने घरेलू मैदान में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैच में लगातार दूसरी जीत हासिल करने की कोशिश करेगी। सीएसके के लिए संजू सैमसन की फॉर्म और गेंदबाजी विभाग का कमजोर होना चिंता का विषय है। आरसीबी की टीम 28 मार्च को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ छह विकेट से जीत दर्ज करने के बाद अच्छी तरह से आराम कर चुकी है और वह तरोताजा होकर मैदान पर उतरेगी। मानसिक और शारीरिक ताजगी के अलावा आरसीबी अब अपने प्रतिद्वंद्वियों की तुलना में कहीं बेहतर टीम नजर आ रही है।

RCB vs CSK

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम चेन्नई सुपर किंग्स प्रीव्यू

विराट की अगुआई में RCB का शीर्ष क्रम दमदार

आरसीबी के पास विराट कोहली की अगुवाई में शीर्ष क्रम में दमदार बल्लेबाज हैं। कोहली ने अपने बेजोड़ कौशल के दम पर पावर हिटिंग के इस जमाने में खुद को प्रासंगिक बनाए रखा है। देवदत्त पडिक्कल ने अपने भीतर के असली बल्लेबाज को जगा दिया है जो सनराइजर्स के खिलाफ उनकी 26 गेंद पर खेली गई 61 रन की तूफानी पारी में स्पष्ट नजर आया। रजत पाटीदार टीम की कप्तानी करने और आरसीबी के मध्य क्रम को मजबूती देने की दोहरी भूमिका अच्छी तरह से निभा रहे हैं। आरसीबी में अपनी गेंदबाजी में बहुत ज्यादा सुधार किया है। कभी उसकी गेंदबाजी को कमजोर माना जाता था लेकिन उसने कुछ प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को शामिल करके इसे पूरी तरह से बदल दिया है। आरसीबी को जोश हेज़लवुड की अनुपस्थिति से काफी नुकसान होने की उम्मीद थी, लेकिन जैकब डफी ने सहजता से उनकी जगह ली और तीन विकेट लेकर सनराइजर्स के शीर्ष क्रम को ध्वस्त कर दिया। आरसीबी की टीम इस मैच के लिए अभिनंदन सिंह की जगह बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मंगेश यादव को टीम में शामिल करने पर भी विचार कर सकती है। क्रुणाल पंड्या और सुयश शर्मा टी20 के दिग्गज स्पिनरों में शामिल नहीं हैं, लेकिन उन्होंने बीच ओवरों में अपनी कसी हुई गेंदबाजी से आरसीबी का उद्देश्य बखूबी पूरा किया है। उन्हें अब शिवम दुबे, सरफराज खान और आयुष म्हात्रे जैसे बल्लेबाजों पर अंकुश लगाना होगा।

End of Feed