IPL 2026: बीसीसीआई ने IPL 2026 के पहले 20 दिन के शेड्यूल का ऐलान कर दिया है। 19वें सीजन का उद्घाटन मैच रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होना है। यह धमाकेदार ओपनिंग मुकाबला बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में शाम साढ़े 7 बजे आयोजित होगा। इससे पहले सारी टीमें अपनी तैयारियों में जुटी हुई हैं। सोशल मीडिया पर सभी टीमों की तैयारी से जुड़े तरह-तरह के वीडियो सामने आ रहे हैं। इस बीच एक वीडियो लखनऊ सुपर जॉइंट्स की टीम का सामने आया है। इस वीडियो में जो चीजें देखने को मिलती हैं, उसे देखकर आपको मजा आने वाला है।
ऋषभ पंत ने बडोनी को गिफ्ट किया बैट (फोटो साभार- LSG)
ऋषभ पंत और आयुष बडोनी का वीडियो
वीडियो को लखनऊ सुपर जॉइंट्स ने अपने ऑफिशियल एक्स अकाउंट से शेयर किया है। वीडियो LSG के कप्तान ऋषभ पंत और उनके जूनियर टीम मेट आयुष बडोनी का है। वीडियो में देखा जा सकता है कि ऋषभ पंत अपने टीम के साथी खिलाड़ी को एक बल्ला गिफ्ट कर रहे है। इसके बाद उन्होंने आयुष बडोनी को जो हिदायत दी उसे देखकर लोगों को मजा आ रहा है। वीडियो में आप देख सकते हैं कि बडोनी को बैट देते हुए ऋषभ पंत कह रहे हैं, 'शॉर्ट-हैंडल है, तुझे पसंद है वैसा.. तोड़ियो मत ये, बहुत अच्छा बैट है।' देखें वीडियो-
वीडियो देखकर पता चल रहा है कि ऋषभ पंत ने यह बात हल्के-फुल्के अंदाज में कही है। हालांकि, वह थोड़ा हड़काने के अंदाज में यह बात आयुष बडोनी से कहते नजर आ रहे हैं। इस बातचीत में एलएसजी के दो अहम खिलाड़ियों के बीच के रिश्ते की झलक भी मिलती है। बता दें कि ऋषभ पंत लगातार दूसरे साल एलएसजी की कप्तानी करने जा रहे हैं। उन्हें टीम ने 27 करोड़ की बड़ी कीमत पर अपने साथ रखा है। हालांकि, उनका पिछला सीजन काफी ज्यादा निराशाजनक रहा था।
कैसा था पिछले सीजन में प्रदर्शन
जहां 2024 के सीजन में LSG सातवें नंबर पर थी। वहीं 2025 के सीजन में भी LSG सातवें नंबर पर ही रही। LSG को लीग के 14 मुकाबलों में 6 जीत और 8 हार मिले थे। IPL 2025 में LSG के लिए मिचेल मार्श ने सबसे ज्यादा 627 रन बनाए थे। उन्होंने 13 मैच की 13 पारियों में 48.23 की औसत से यह रन बनाए। IPL 2025 में 27 करोड़ के सबसे महंगे खिलाड़ी और LSG के कप्तान ऋषभ पंत का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा था। उन्होंने 14 मैचों में मात्र 24.45 की औसत से कुल 269 रन बनाए थे।
