अहमदाबाद: कप्तान बदलने के बावजूद मुंबई इंडियन्स की तकदीर आईपीएल में नहीं बदली। हार्दिक पांड्या की कप्तानी में पहली बार खेलने उतरी मुंबई इंडियन्स को रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में 6 रन के करीबी अंतर से हार का सामना करना पड़ा। मुंबई इंडियन्स गुजरात द्वारा दिए 169 रन के लक्ष्य को हासिल नहीं कर सकी। आखिरी ओवर में जीत के लिए मुंबई को 19 रन बनाने थे लेकिन पहली दो गेंदों में 10 रन बनाने के बाद भी मुंबई इंडियन्स की टीम मैच हार गई।
गुजरात टाइटन्स बनाम मुंबई इंडियन्स (साभार IPL/BCCI)
साल 2013 में शुरू हुआ था हार का सिलसिला
पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियन्स को आईपीएल सीजन में स्लो स्टार्टर के रूप में जाना जाता है। मुंबई इंडियन्स लगातार 12 साल से सीजन का पहला मैच हारती आ रही है। मुंबई इंडियन्स ने आईपीएल में अपनी शुरुआत साल 2008 में हार के साथ की थी। इसके बाद वो जीत की पटरी पर लौट आई और 2009 से 2012 तक सीजन का आगाज जीत के साथ करने में सफल रही लेकिन साल 2013 में तस्वीर पूरी तरह बदल गई। उस साल मिली हार का सिलसिला 12 तक अनवरत जारी है। हार्दिक पांड्या भी मुंबई इंडियन्स के लिए पहले मैच का किस्मत कनेक्शन खत्म नहीं कर पाए।
चैंपियन बनाता है हार का टोटका
मुंबई इंडियन्स की टीम भले ही शुरुआत हार के साथ करती आ रही है लेकिन इन्हीं 12 सालों में उसने पांच बार आईपीएल खिताब अपने नाम किया है। साल 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में ऐसी शुरुआत के बावजूद मुंबई खिताब जीतने में सफल रही है। इस लिहाज से देखें तो पहले मैच में हार मुंबई के लिए लकी साबित हुई है।
