Virat Kohli, 100 catches in IPL history: आरसीबी के कार्यवाहक कप्तान विराट कोहली रविवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ बल्ले से धमाल नहीं मचा सके। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी के लिए पारी का आगाज करने उतरे विराट कोहली पहली ही गेंद पर एलबीडब्लू होकर पवेलियन लौट गए। वो अपना खाता भी नहीं खोल पाए। लेकिन विराट ने दूसरी पारी में अपनी शानदार फील्डिंग के जरिए बल्ले से खराब प्रदर्शन की भरपाई करते हुए एक स्पेशल शतक पूरा कर लिया।
विराट कोहली(साभार IPL/BCCI)
100 कैच लेने वाले आरसीबी के पहले फील्डर
विराट कोहली ने जैसे ही डेविड विली की गेंद पर बाउंड्री पर देवदत्त पडिक्कल का कैच लपका वो आईपीएल में बतौर फील्डर 100 कैच लपकने वाले आरसीबी के पहले खिलाड़ी बन गए। विराट ने ये उपलब्धि आईपीएल करियर का 230वां मैच खेलते हुए हासिल की। विराट ने इस मुकाबले में दो कैच लिए और अपने कैचों की संख्या को 101 तक पहुंचा दिया।
आईपीएल में सबसे ज्यादा कैच लेने वाले फील्डर
आईपीएल में कैच का शतक पूरा करने वाले विराट कोहली तीसरे फील्डर हैं। उनसे पहले इस मुकाम पर सुरेश रैना और किरोन पोलार्ड पहुंच चुके हैं। आईपीएल में सबसे ज्यादा कैच लपकने का रिकॉर्ड सुरेश रैना के नाम दर्ज है। उन्होंने 109 कैच लपके थे। इस सूची में दूसरे पायदान पर 103 कैच के साथ किरोन पोलार्ड है। ऐसे में विराट सबसे ज्यादा कैच लेने वाले फील्डर्स की लिस्ट में 101 कैच के साथ तीसरे पायदान पर पहुंच गए हैं।
