Most Sixes by Indian In IPL History: मुंबई इंडियन्स के कप्तान रोहित शर्मा ने आईपीएल 2023 में अपने फॉर्म को पंजाब किंग्स के खिलाफ बरकरार रखा। जीत के लिए 215 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई के लिए पारी की शुरुआत करते हुए हिटमैन ने 27 गेंद में 44 रन की आतिशी पारी खेली। रोहित राहुल चाहर की गेंद पर फॉलो थ्रू में लपके गए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान चार चौके और तीन छक्के जड़े। भले ही रोहित अपना अर्धशतक पूरा करने से चूक गए लेकिन इस पारी के दौरान वो आईपीएल में 250 छक्के पूरे करने में सफल रहे।
रोहित शर्मा और कैमरन ग्रीन(साभार IPL/BCCI)
एबी डिविलियर्स की बराबरी पर पहुंचे
आईपीएल इतिहास में रोहित शर्मा 250 या उससे ज्यादा छक्के जड़ने वाले पहले भारतीय हैं। रोहित ने ये उपलब्धि आईपीएल में 233वां मैच खेलते हुए हासिल की। उन्होंने अपनी पारी का दूसरा छक्का जड़ते ही 250 छक्के पूरे कर लिए। उनके खाते में अब 251 छक्के दर्ज हो गए हैं। इसके साथ ही वो आईपीएल इतिहास में क्रिस गेल के बाद सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले खिलाड़ियों की सूची में एबी डिविलियर्स के साथ साझा रूप से दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। डिविलियर्स के खाते में भी 251 छक्के जड़े हैं। वहीं पहले पायदान पर काबिज गेल के खाते में सबसे ज्यादा 357 छक्के दर्ज हैं।
टॉप फाइव में धोनी और विराट का भी नाम
आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले खिलाड़ियों में क्रिस गेल, एबी डिविलियर्स और रोहित शर्मा के बाद चौथे स्थान पर एमएस धोनी और पांचवें पर विराट कोहली हैं। धोनी के बल्ले से आईपीएल में 235 और विराट के बल्ले से 229 छक्के निकले हैं। मौजूदा सीजन में जैसे फॉर्म में धोनी और विराट हैं वो भी जल्दी ही 250 या उससे ज्यादा छक्के जड़ने वाले खिलाड़ियों के क्लब में शामिल हो सकते हैं।
