
IND vs SA 1st ODI: सैमसन-अय्यर की शानदार पारी पर फिरा पानी, दक्षिण अफ्रीका ने 9 रन से जीता पहला वनडे
India vs South Africa 1st ODI Highlights: भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज हार के साथ किया है। दक्षिण अफ्रीका ने लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में भारत को 9 रन से मात दी। बारिश के कारण मैच 40-40 ओवर का कर दिया गया था। दक्षिण अफ्रीका ने टॉस गंवाने के बाद 249/4 का स्कोर बनाया। मेहमान टीम के लिए हेनरिक क्लासेन (65 गेंदों में नाबाद 74) और डेविड मिलर (63 गेंदों में नाबाद 75) ने बेहतरीन बल्लेबाजी की। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 139 रन की अटूट साझेदारी की। वहीं, लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत निर्धारित 40 ओवर में 8 विकेट गंवाकर 240 रन ही बना सका। संजू सैमसन (63 गेंदों में नाबाद 86) और श्रेयस अय्यर (37 गेंदों में 50) ने मुश्किल हालात में शानदार बैटिंग की, जिसपर पानी फिर गया। लुंगी एनगिडी ने सर्वाधिक तीन विकेट चटकाए। कगिसो रबाडा ने दो विकेट लिए जबकि वेन पार्नेल, तबरेज शम्सी और केशव महाराज ने एक-एक शिकार किया।