क्रिकेट

IND vs BAN: शतक के मूड में नहीं थे विराट, पर KL बने मददगार, बोले- मैं न लूंगा सिंगल; मैच के बाद बताई इनसाइड स्टोरी

  • Compiled by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Oct 20, 2023, 10:41 AM IST

India vs Bangladesh: मैच के अंतिम क्षणों में सभी की निगाहें इस पर टिकी थी कि कोहली शतक पूरा कर पाएंगे या नहीं। राहुल ने अपने बल्ले पर अंकुश लगाया जबकि कोहली ने अपने पास स्ट्राइक रखी।

Image

विराट कोहली की सेंचुरी के पीछे केएल राहुल का योगदान भी था।

Photo : AP

India vs Bangladesh: टीम इंडिया के स्टार बैट्समैन विराट कोहली ने वनडे करियर का 48वां शतक पूरा है, मगर यह सेंचुरी पूरी करना मैच में थोड़ा पेंचीदा था। ऐसा इसलिए क्योंकि कोहली असल में शतक के मूड में नहीं थे। साथ ही मुकाबले में ऐसे पल भी आए जब किंग कोहली और भारतीय खेमे को जीत के लिए बराबरी के रन चाहिए थे। यानी उस स्थिति में विराट का सैकड़ा पूरा करना थोड़ा मुश्किल लग रहा था, मगर टीम स्पिरिट और बढ़िया तालमेल दिखाते हुए इसे टीम के विकेटकीपर बैट्समैन केएल राहुल ने इसे विराट के लिए सरल और सुलभ बनाया।

राहुल ने मैच के आखिर के हिस्से में नॉन स्ट्राइकर एंड पर होते हुए खुद सिंगल लेने से मना कर दिया था। मतलब वह चाहते थे कि कोहली ही स्ट्राइक पर रहे हैं और अपनी सेंचुरी पूरी करें। टीम इंडिया के विकेटकीपर बैट्समैन ने बताया, "जीत के लिए जब हमें 30 रन चाहिए थे, मैंने तब विराट को कहा था कि आप स्ट्राइक ले सकते हो।"

दरअसल, मुकाबले में जब टीम को 20 रन जीत के लिए चाहिए थे, तब विराट को भी अपनी सेंचुरी पूरी करने के लिए इतने रन चाहिए थे। केएल ने इस किस्से के बारे में मैच के बाद यह भी बताया- मैंने सिंगल लेने से मना कर दिया था।

हालांकि, विराट ने केएल से ऐसा करने से मना किया था। राहुल ने इस बाबत बताया, "कोहली ने कहा था कि अगर तुम (केएल) सिंगल नहीं लोगे तब लोग सोचेंगे कि मैं (विराट) निजी मतलब या फायदे के लिए खेल रहा हूं।" वैसे, राहुल ने इस पर उन्हें कहा था- हम आसानी से जीत रहे हैं। आप अपनी सेंचुरी पूरी करिए।

गुरुवार (19 अक्टूबर, 2023) को आईसीसी वनडे क्रिकेट विश्व कप के तहत भारत ने बांग्लादेश को सात विकेट से (51 गेंद शेष रहते) रौंदा। कोहली ने इस मैच में विजयी छक्का जड़कर अपना 48वां शतक पूरा किया। कप्तान रोहित शर्मा और ओपनर शुभमन गिल के बाद कोहली का बल्ला चला। उन्होंने 97 गेंद पर नाबाद 103 रन बनाए, जिसमें छह चौके और चार छक्के रहे। उन्होंने केएल राहुल (नाबाद 34) के साथ चौथे विकेट के लिए 83 रन जोड़कर भारत का स्कोर 41.3 ओवर में तीन विकेट पर 261 रन तक पहुंचाया।

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article