IND vs AFG: अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे और आखिरी वनडे मुकाबले में भारतीय टीम ने 22 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने भारत के सामने 219 रन का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की ओर से यशस्वी जायसवाल और रोहित शर्मा ने पारी का आगाज किया। दोनों ने पहले ही ओवर में 23 रन बनाए और 22 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया।
भारत और अफगानिस्तान (साभार-X)
पहले ओवर में सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड
जायसवाल और रोहित ने पहले ओवर में 3 चौके सहित 23 रन बटोरे। यह वनडे क्रिकेट के पहले ओवर में भारत द्वारा बनाया गया सर्वाधिक रन का रिकॉर्ड है। भारत ने इससे पहले साल 2004 में बांग्लादेश के खिलाफ कोलंबो में खेले गए मैच में 22 रन बनाए थे। 2020 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 20 रन का ओवर इस लिस्ट में तीसरे पायदान पर है।
पावरप्ले में सबसे बेहतरीन शुरुआत
यशस्वी जायसवाल और रोहित शर्मा ने पहले पावरप्ले में बिना किसी नुकसान के 46 रन बनाए। यह इस सीरीज में टीम इंडिया की सबसे अच्छी शुरुआत है। इससे पहले भारतीय टीम ने धर्मशाला में एक विकेट के नुकसान पर 84 और लखनऊ में एक विकेट के नुकसान पर 80 रन बनाए थे।
टाईम्सनाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- रविवार को होगी वैभव सूर्यवंशी की अग्निपरीक्षा, कब और कहां देखें फाइनल मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग
मैच की बात करें तो मेहमान टीम पहले ही सीरीज गंवा चुकी थी और इस मुकाबले में उसके सामने क्लीन स्वीप से बचने की चुनौती थी, लेकिन ऐसा करने के लिए टीम को अच्छी बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी की दरकार थी, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की टीम पूरे ओवर भी नहीं खेल पाई और 44.2 ओवर में 218 रन बनाकर ढेर हो गई। अफगानिस्तान की ओर से कप्तान हशमतुल्लाह शहीदी ने शानदार शतकीय पारी खेली। उन्होंने 131 गेंद में 102 रन की पारी खेली। भारत की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा ने 5 विकेट चटकाए।
