U19 Asia Cup 2025, IND vs UAE Highlights: वैभव सूर्यवंशी की रिकॉर्डतोड़ पारी की बदौलत भारत ने दी यूएई को बड़े अंतर से मात

भारत की अंडर-19 क्रिकेट टीम ने वैभव सूर्यवंशी की 95 गेंद में 171 रन की आतिशी पारी की बदौलत यूएई के खिलाफ धमाकेदार जीत के साथ अंडर-19 एशिया कप में शुरुआत की है। ऐसा रहा मैच का हाल।

दुबई: वैभव सूर्यवंशी की 95 गेंद में 171 रन की ताबड़तोड़ पारी से भारत ने अंडर-19 वनडे एशिया कप के अपने शुरुआती मैच में शुक्रवार को दुबई में यूएई को 234 रन के बड़े अंतर से हराया। इस 14 साल के खिलाड़ी ने 14 छक्के लगाकर अंडर-19 वनडे क्रिकेट की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड कायम किया। उन्होंने अपनी पारी में नौ चौके भी जड़े। सूर्यवंशी की आतिशी पारी के अलावा विहान मल्होत्रा (55 गेंद में 69) और आरोन जॉर्ज (73 गेंद में 69) की अर्धशतकीय पारियों से भारत ने 50 ओवर में छह विकेट पर रिकॉर्ड 433 रन बनाये। यह अंडर-19 वनडे में भारत का सर्वाधिक स्कोर होने के साथ एशिया कप इतिहास का भी सर्वोच्च स्कोर है।

India U19 Cricket team

इंडिया अंडर-19 क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट ACC X)

199 रन बना सकी यूएई की टीम

यूएई की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए कभी भी भारत को टक्कर देने की स्थिति में नहीं दिखी। टीम ने पृथ्वी मधु (50) और उद्धिश सूरी (नाबाद 78) की अर्धशतकीय पारियों से सात विकेट पर 199 रन बनाये। सूर्यवंशी की 171 रन की पारी अब युवा वनडे में किसी भारतीय द्वारा बनाया गया दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। यह रिकॉर्ड अंबाती रायुडु के नाम है जिन्होंने 2002 में इंग्लैंड के खिलाफ नाबाद 177 रन बनाये थे। यह अंडर-19 वनडे में नौवा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है।

End of Feed