India Women vs Japan Women Quarter Final: भारतीय महिला क्रिकेट टीम शुक्रवार, 18 सितंबर से अपने एशियाई खेलों के अभियान की शुरुआत करने जा रही है। टीम इंडिया का पहला मुकाबला क्वार्टर फाइनल में मेजबान जापान से होगा। यह मैच निश्शिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में भारतीय समयानुसार, सुबह 10:30 बजे से खेला जाएगा। इस मैच को जीतने वाली टीम सीधे सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर लेगी। हालांकि, इस मैच पर बारिश का साया मंडरा रहा है।
भारत और जापान की भिड़ंत (फोटो साभार- BCCI)
भारत के मुकाबले में बारिश का खतरा
गौरतलब है कि 17 सितंबर को इसी मैदान पर खेले गए दोनों क्वार्टर फाइनल मैच बारिश के कारण रद्द हो गए थे। जिससे चौथे क्वार्टर फाइनल पर भी बारिश का खतरा बढ़ गया है। हालांकि, फैंस को उम्मीद है कि उन्हें पूरा 40 ओवर का खेल देखने को मिलेगा, लेकिन मौसम को देखते हुए ऐसा होना मुश्किल लग रहा है।
अगर मैच धुला तो सेमीफाइनल में कौन?
चूंकि दोनों टीमें एशियाई खेलों में अपना पहला मैच खेलेंगी, सवाल उठता है कि अगर बारिश के कारण मैच का कोई नतीजा नहीं निकलता है तो आगे कौन जाएगा? इस स्थिति में आईसीसी रैंकिंग काम आएगी। रैंकिंग के आधार पर भारत को सीधे सेमीफाइनल में प्रवेश मिल जाएगा। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय टीम टी20 रैंकिंग में तीसरे स्थान पर है, जबकि जापान की टीम, जो एक एसोसिएट टीम है, 39वें स्थान पर है। इसलिए अगर एक भी गेंद नहीं फेंकी गई तो भी भारत सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा। भारत इस मैच में फेवरेट के तौर पर उतरेगा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- एशियन गेम्स में गोल्ड बचाने उतरेगी भारतीय महिला टीम, क्वार्टरफाइनल में जापान से होगी भिड़ंत
बांग्लादेश भी बिना खेले सेमीफाइनल में
इससे पहले बांग्लादेश (रैंकिंग 10) की टीम भी बिना खेले सेमीफाइनल में पहुंच गई है, क्योंकि चीन (रैंकिंग 22) के खिलाफ उनका मैच बारिश में धुल गया था। इसी तरह पाकिस्तान और थाईलैंड का मैच भी बारिश से प्रभावित रहा था, जिसमें रैंकिंग के आधार पर पाकिस्तान सेमीफाइनल में पहुंचा।एशियन गेम्स के दोनों सेमीफाइनल 20 सितंबर को खेले जाएंगे। पाकिस्तान पहले सेमीफाइनल में खेलेगा, जबकि बांग्लादेश दूसरे सेमीफाइनल में नजर आएगा। इस टूर्नामेंट का फाइनल 22 सितंबर को होगा।
