India West Indies First Test, IND vs WI 1st Test Pitch Report In Hindi Today Match: भारत और वेस्टइंडीज के बीच दो टेस्ट की सीरीज का आगाज आज ( 02 October, 2025) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में होने जा रहा है। वेस्टइंडीज की टीम आठ साल लंबे अंतराल के बाद भारतीय सरजमीं पर कोई टेस्ट मैच खेल रही है। ऐसे में उसका सामना दो बार की वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की उपविजेता टीम इंडिया से अहमदाबाद में स्थित दुनिया के सबसे बड़े नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में हो रहा है। दोनों टीमों की यह वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के चौथे चरण की दूसरी सीरीज है। भारतीय टीम ने अपनी पहली सीरीज में इंग्लैंड के खिलाफ 2-2 से बराबर की थी। वहीं वेस्टइंडीज को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3 मैच की घरेलू टेस्ट सीरीज में 0-3 के अंतर से सामना करना पड़ा था। ऐसे में दोनों टीमें अपनी दूसरी टेस्ट सीरीज में एक दूसरे से भिड़ने के लिए तैयार हैं। टीम इंडिया की कमान जहां युवा कप्तान शुभमन गिल(Shubman Gill) के हाथों में है वहीं वेस्टइंडीज टीम की कप्तानी अनुभवी रोस्टन चेज (Roston Chase) संभाल रहे हैं। वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों को भारत में आईपीएल में खेलने का अच्छा खासा अनुभव है। ऐसे में सफेद जर्सी में वो उस अनुभव का कितना फायदा उठाते हैं यह देखने वाली बात होगी।
ऐसी रही है दोनों टीमें के बीच टेस्ट में भिड़ंत (IND vs WI Head to Head in Test)
भारत और वेस्टइंडीज के बीच सीरीज के पहले टेस्ट मैच के आगाज से पहले दोनों टीमों के सबसे बड़े फॉर्मेट के ट्रैक रिकॉर्ड व आंकड़ों की बात कर लेते हैं। इन दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 100 टेस्ट मैच खेले जा चुके हैं। इसमें से भारत ने 23 और वेस्टइंडीज ने 30 मैच अपने नाम किए। दोनों के बीच खेले गए 47 टेस्ट ड्रॉ समाप्त हुए। भारतीय सरजमीं पर खेले गए टेस्ट मैचों में टीम इंडिया को 13 वहीं वेस्टइंडीज को 14 टेस्ट मैच में जीत मिली है। इन आंकड़ों में वेस्टइंडीज क्रिकेट के सुनहरे दौर की झलक आज भी दिखाई पड़ती है। लेकिन मौजूदा दौर की बात करें तो साल 2002 के बाद से वेस्टइंडीज की टीम भारत के खिलाफ एक भी टेस्ट मैच नहीं जीत सकी है। वो जीत भी उसे अपने घर पर मिली थी। पिछले 23 सालों में दोनों के बीच 25 टेस्ट मैच खेले गए हैं जिसमें से टीम इंडिया ने 15 टेस्ट में जीत दर्ज की है वहीं वेस्टइंडीज की जीत की झोली खाली रही है। दोनों के बीच 10 टेस्ट बराबरी पर समाप्त हुए हैं। भारत ने विंडीज को लगातार 9 टेस्ट सीरीज में मात दी है। भारतीय टीम के पास विंडीज के खिलाफ लगातार दसवीं टेस्ट सीरीज जीतने का शानदार मौका है। वेस्टइंडीज ने साल 2018-19 में भारतीय सरजमीं पर दो टेस्ट मैच की सीरीज खेली थी उसमें टीम इंडिया को 2-0 से जीत मिली थी।
भारत बनाम वेस्टइंडीज पहले टेस्ट मैच की पिच रिपोर्ट (IND vs WI 1st Test Pitch Report Today Match)
भारत और वेस्टइंडीज के बीच दो टेस्ट मैच की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम (Narendra Modi Cricket Stadium) में खेला जाएगा। भारतीय टीम अहमदाबाद में जिस पिच पर घरेलू सीजन की शुरुआत करने जा रही है वो पूरी तरह हरी दिख रही है। अहमदाबाद की पिच पर चार से पांच मिलीमीटर लंबी घास है। ऐसे में टीम चयन और टॉस जीतने के बाद कौन सी टीम क्या निर्णय करेगी यह मैच से पहले पिच पर नमी को देखते हुए टीमें करेंगी। दोनों ही टीमो की नजरें मौसम पर भी होंगी। क्योंकि अहमदाबाद में गुरुवार को मैच के पहले दिन बारिश की संभावना दौरान जताई गई है। बारिश बीच बीच में मैच में दखल डालती रहेगी।
जिस पिच पर मैच खेला जाएगा वह लाल मिट्टी की बनी है और उसपर घास भी होगी ऐसे में पिच से तेज गेंदबाजों को शुरुआत में मदद मिलेगी। लाल मिट्टी वाली पिच पर गेंदबाजों को उछाल भी मिलेगा। तेज गेंदबाजों को नई गेंद के साथ पिच पर मदद मिलेगी लेकिन गेंद के पुरानी होने के बाद उछाल की वजह से बल्लेबाजों को भी आसानी होगी। शुरुआत दे दो-तीन पिच पर अच्छे रन बनेंगे। जैसे जैसे मैच आगे बढ़ेगा पिच धीमी और स्पिनर्स के लिए मददगार होती जाएगी। लाल मिट्टी की पिच जल्दी टूटती है उसे रोकने के लिए क्यूरेटर ने घास दी है लेकिन वो कबतक पिच को बांधे रख पाएगी यह देखने वाली बात होगी। पहली पारी में पिच पर 350 से 360 रन का स्कोर बन सकता है। अहमदाबाद की पिच चौथे पांचवें दिन स्पिनर्स के लिए मददगार होती है लेकिन तेज गेंदबाज ही शुरुआती दिनों में मैच बनाते हैं इसलिए टीमें मजबूत पेस अटैक के साथ मैदान पर उतरेंगी।
भारत-वेस्टइंडीज पहले टेस्ट में आज इन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें (Players To Watch Out For In IND vs WI 1st Test Match)
भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेला जा रहा टेस्ट मैच भारतीय सरजमीं पर विराट कोहली और रोहित शर्मा के सबसे बड़े फॉर्मेट से संन्यास लेने के बाद पहला है। ऐसे में प्रशंसकों की नजरे मैच में युवा कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill), सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल(Yashasvi Jaiswal), केएल राहुल (KL Rahul), साई सुदर्शन (Sai Sudershan), नीतीश कुमार रेड्डी( Nitish Kumar Reddy), तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah), मोहम्मद सिराज(Mohammad Siraj) और कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) पर रहेंगी। वहीं वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम की बात करें तो उनकी सबसे ज्यादा आस एशिया में शानदार बल्लेबाजी करने वाले साई होप (Sai Hope), कप्तान रोस्टन चेज (Roston Chase), एलिक अथनाजे (Alick Athanaze), तेगनरायण चंद्रपॉल (Tagenarine Chanderpaul) से रहेंगी।
भारत और वेस्टइंडीज की टेस्ट टीमें (India And West Indies Squads For Test Series)
भारत की टीम(Indian Cricket team Squad)
शुभमन गिल (कप्तान), रवींद्र जडेजा (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, नितीश कुमार रेड्डी, एन. जगदीशन (विकेटकीपर), मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव।वेस्टइंडीज की टीम(West Indies Cricket team Squad)
रोस्टन चेज़ (कप्तान), जोमेल वॉरिकन, केवलॉन एंडरसन, एलिक अथनाज़े, जॉन कैंपबेल, टेगनरायन चंदरपॉल, जस्टिन ग्रीव्स, शाई होप, टेविन इमलाक, जेडियाह ब्लेड्स, योहान लेन, ब्रैंडन किंग, एंडरसन फिलिप, खारी पियरे और जेडन सील्स।आज अहमदाबाद में कैसा रहेगा मौसम (Ahmedabad Weather Today)
आज (2 अक्टूबर 2025) अहमदाबाद के आसमान में बादल आंशिक तौर पर छाए रहेंगे और हल्की बारिश की संभावना है। दिन में कुछ धूप दिख सकती है, लेकिन बीच-बीच में हल्की फुहारें पड़ सकती हैं। तापमान लगभग 25°C के आसपास रहेगा और वातावरण में नमी भी ज्यादा रहेगी।अहमदाबाद में यलो अलर्ट जारी किया गया है। मैच से पहले बारिश की संभावना 51 प्रतिशत तक है। गर्मी के साथ-साथ उमस बढ़ेगी और बारिश की आशंका लगातार बनी रहेगी। बारिश की सबसे ज्यादा संभावना मैच शुरु होने और दिन का खेल खत्म होने के वक्त है। हालांकि इस दौरान मैदान पर तेज हवा भी चलेगी।
