IND vs WI 1st Test: भारत और वेस्टइंडीज के बीच गुरुवार से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला की शुरुआत होने जा रही है। मुकाबले से पहले कैरेबियाई कप्तान रोस्टन चेस ने कहा कि उनकी टीम पिछले साल न्यूजीलैंड की तरह भारत पर दबदबा बनाने की कोशिश करेगी।
न्यूजीलैंड ने तोड़ा था भारत का घरेलू रिकॉर्ड
चेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि न्यूजीलैंड टीम ने पिछले साल भारत को 3-0 से मात देकर 12 साल बाद उसकी धरती पर हराया था। इससे पहले भारत 18 घरेलू टेस्ट श्रृंखलाओं में अजेय रहा था। वेस्टइंडीज कप्तान ने कहा कि उनकी टीम न्यूजीलैंड से सीख लेकर भारत में बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास करेगी।
“न्यूजीलैंड से सीख रहे हैं, स्पिनरों को होगी बड़ी भूमिका”
रोस्टन चेस ने बताया कि टीम विश्लेषकों ने उन्हें न्यूजीलैंड सीरीज की फुटेज दी है और खिलाड़ियों ने अहम बिंदुओं पर ध्यान केंद्रित किया है। उन्होंने कहा कि “मैं पहले भी भारत में खेल चुका हूं और जानता हूं कि यहां की परिस्थितियां स्पिनरों को मदद करती हैं। संभावना है कि हमारे स्पिनरों को ज्यादा ओवर फेंकने पड़ें और हम उसी के लिए तैयारी कर रहे हैं।”
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली करारी हार को भूलना होगा
वेस्टइंडीज हाल ही में ऑस्ट्रेलिया से 0-3 की टेस्ट सीरीज हार गया था और इस दौरान टीम केवल 27 रन पर सिमट गई थी, जो उसका न्यूनतम स्कोर है। चेस ने कहा कि उनकी टीम इस हार को पीछे छोड़कर नई ऊर्जा के साथ उतरेगी। उन्होंने कहा कि “यह नई सीरीज है, नया दिन है। हमें पिछली गलतियों को भूलकर जीत के इरादे से उतरना होगा और टीम के रूप में एकजुट रहना होगा।”
“कमजोर टीम होने के बावजूद खतरनाक साबित हो सकते हैं”
33 वर्षीय कप्तान ने माना कि वेस्टइंडीज भारत के खिलाफ कमजोर टीम मानी जा रही है, लेकिन इसी वजह से उनका दल ज्यादा खतरनाक साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि “हमारे पास खोने के लिए कुछ नहीं है। जब आपके पास गंवाने के लिए कुछ नहीं होता तो आप खुलकर खेल सकते हैं। सभी को हमारी हार की उम्मीद है, लेकिन हम अच्छा क्रिकेट दिखाना चाहते हैं।”
टीम का आत्मविश्वास और एकजुटता है कुंजी
चेस ने कहा कि वेस्टइंडीज को भारत में दर्शकों का समर्थन भले न मिले, लेकिन टीम के भीतर का आत्मविश्वास ही उनकी ताकत बनेगा।“हमें मैदान पर एकजुट रहना होगा। मुश्किल समय में एक-दूसरे का सहारा देना होगा। यही हमें मजबूत बनाएगा।”
खैरी पियरे से है बड़ी उम्मीद
वेस्टइंडीज कप्तान ने स्वीकार किया कि टीम ने दौरे के लिए कोई खास तैयारी नहीं की है, लेकिन खिलाड़ियों पर उन्हें पूरा भरोसा है। उन्होंने विशेष रूप से स्पिनर खैरी पियरे का नाम लिया, जो पदार्पण का इंतजार कर रहे हैं। चेज ने कहा कि “पियरे परिपक्व खिलाड़ी हैं और घरेलू चार दिवसीय टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट चटकाए हैं। उम्मीद है कि अगर उन्हें मौका मिलता है तो तुरंत प्रभाव छोड़ेंगे।”
