Virat Kohli, India vs Sri Lanka 1st ODI: भारतीय क्रिकेट टीम के सबसे सफल बल्लेबाज विराट कोहली ने गुवाहाटी में खेले जा रहे साल 2023 के पहले वनडे मैच में श्रीलंका के खिलाफ धमाकेदार बल्लेबाजी की है। मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। रोहित शर्मा (83) और शुभमन गिल (70) ने पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी करते हुए समां बांध दिया था। उसके बाद विराट कोहली की पिच पर एंट्री हुई और उन्होंने आते ही धमाकेदार बल्लेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद देखते-देखते 80 गेंदों में अपना 45वां वनडे शतक पूरा किया। ये उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का 73 वां शतक है। विराट ने 87 गेंदों में 113 रनों की पारी खेली। उनकी इस पारी के दम पर भारत ने 50 ओवर में 7 विकेट पर 373 रनों का स्कोर खड़ा किया।
विराट कोहली का 45वां वनडे शतक (AP)
रोहित शर्मा और शुभमन गिल अर्धशतक लगाकर आउट हुए और भारतीय टीम के लिए एक शानदार मंच खड़ा कर दिया। तीसरे नंंबर पर विराट कोहली ने आते ही इस मंच पर अपना धमाल मचाना शुरू कर दिया। विराट ने सिर्फ 47 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने पचासे तक पहुंचने के लिए एक छक्के और 3 चौकों का सहारा लिया। इस दौरान उन्होंने रोहित शर्मा के साथ दूसरे विकेट के लिए 30 रन, श्रेयस अय्यर के साथ तीसरे विकेट के लिए 40 रन और केएल राहुल के साथ चौथे विकेट के लिए 90 रनों की साझेदारी बनाई।
इसके बाद 80 गेंदों में विराट कोहली ने अपना शतक पूरा कर लिया। ये उनके वनडे करियर का 45 शतक है। विराट ने 49वें ओवर की दूसरी गेंद पर रजिता का शिकार बनने से पहले 87 गेंदों में 113 रनों की पारी खेली जिसमें 12 चौके और 1 छक्का शामिल रहा।
विराट कोहली ने साल का अंत भी 113 के साथ किया था
विराट कोहली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में तकरीबन 3 साल तक बड़ी पारी से दूर थे। वनडे क्रिकेट में वो आज के दौर में किंग माने जाते हैं और उनसे शतक का इंतजार था। वो दिन आया 10 दिसंबर 2022 को जब बांग्लादेश के खिलाफ चटगांव में विराट ने 113 रनों की पारी खेलकर दुनिया को साबित कर दिया कि उनका बल्ला कुछ पल के लिए शांत हुआ था लेकिन हमेशा के लिए नहीं। अब उन्होंने 2023 की शुरुआत भी 113 रनों की पारी के साथ की है।
विराट कोहली का वनडे करियर
टीम इंडिया के धाकड़ बल्लेबाज विराट कोहली अब तक अपने वनडे अंतरराष्ट्रीय करियर में 45 शतक लगा चुके हैं, जबकि उनके नाम 64 अर्धशतक दर्ज हैं। कोहली ने 266 मैचों में 57.72 के औसत से बल्लेबाजी की है।
विराट कोहली का अंतरराष्ट्रीय करियर (वनडे, टेस्ट और टी20)
मैच - 485रन- 24711
शतक - 73
अर्धशतक - 129
