
India vs England Highlights: गेंदबाजों के बल पर भारत ने लगाया जीत का छक्का, फिर टॉप पर पहुंची टीम इंडिया
IND vs ENG Cricket Score, India vs England Highlights(भारत बनाम इंग्लैंड विश्व कप मैच क्रिकेट स्कोर का सीधा प्रसारण): गेंदबाजों की बदौलत मौजूदा वर्ल्ड कप में टीम इंडिया ने जीत का छक्का लगा। वनडे वर्ल्ड कप के 29वें मुकाबले में टीम इंडिया ने इंग्लैंड को 100 रन से हराया। टीम को इंग्लैंड के खिलाफ वर्ल्ड कप में 20 साल बाद जीत मिली है। इससे पहले भारत को 2003 में जीत मिली थी। 2003 के बाद 2011 में दोनों टीमों के बीच मुकाबला टाई हो गया था। वहीं, 2015 में मुकाबला नहीं हुआ था, जबकि 2019 में टीम इंडिया को इंग्लैंड से हार झेलनी पड़ी थी। इसी जीत के साथ भारतीय टीम 12 अंक के साथ पॉइंट टेबल में फिर से टॉप पर पहुंच गई है। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने टीम इंडिया ने 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 229 रन बनाए। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। लेकिन रोहित शर्मा ने कप्तानी पारी खेलकर टीम को संभाला। रोहित ने अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम को संभाला। उन्होंने 101 गेंदों पर 10 चौके और 3 छक्के की मदद से 87 रन बनाए। वहीं, विराट कोहली का बल्ला शांत रहा। उन्होंने 9 गेंदों का सामना किया और बिना खाता खोले वापस लौट गए। इसके अलावा सूर्यकुमार यादवअर्धशतक से चूक गए। वे 49 रन पर आउट हो गए। इंग्लैंड के डेविड विली ने सबसे ज्यादा 3 विकेट चटकाए। जवाब में खेलने उतरी इंग्लैंड की टीम 34.5 ओवर में 129 रन पर ऑलआउट हो गई। लियाम लिविंगस्टोन ने सबसे बड़ी 27 रन की पारी खेली। जोन रूट और बेन स्टोक्स अपना खाता तक नहीं खोल पाए। भारत के मोहम्मद शमी ने सबसे ज्यादा 4 विकेट चटकाए, जबकि जसप्रीत बुमराह ने 3 और कुलदीप यादव ने दो विकेट लिए।