ध्रूव जुरेल (फोटो- BCCI)
IND A vs SA A Test: विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल लगातार अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का ध्यान खींच रहे हैं और अब वह टेस्ट क्रिकेट में अनुभवी ऋषभ पंत के लिए एक बड़ी चुनौती बनते जा रहे हैं। दक्षिण अफ्रीका 'ए' के खिलाफ बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सिलेंस ग्राउंड में शुरू हुए दूसरे अनाधिकारिक टेस्ट के पहले दिन, जहां अन्य भारतीय बल्लेबाज पूरी तरह फ्लॉप रहे, वहीं जुरेल ने नाबाद शतकीय पारी खेलकर टीम को मुश्किल से निकाला।
दक्षिण अफ्रीका 'ए' ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था, और उनके गेंदबाजों ने कप्तान मार्क्स एकरमैन के फैसले को सही साबित करते हुए भारतीय टीम को पहले दिन 255 रन पर समेट दिया। भारतीय टीम की स्थिति और भी खराब हो सकती थी, अगर ध्रुव जुरेल ने यह जुझारू पारी नहीं खेली होती।ध्रुव जुरेल जब छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए, तब भारतीय टीम मात्र 59 रन पर 4 विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही थी। इसके बाद, जुरेल ने निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ छोटी-छोटी साझेदारियां करते हुए टीम के स्कोर को 255 रन तक पहुंचाया।
जुरेल ने 175 गेंदों का सामना करते हुए 4 छक्कों और 12 चौकों की मदद से 132 रन बनाकर नाबाद रहे। उनकी यह पारी टीम के लिए बेहद अहम रही, क्योंकि उन्होंने टीम के कुल रनों में से आधे से ज्यादा रन अकेले दम पर बनाए।अन्य भारतीय बल्लेबाजों की बात करें तो, कप्तान ऋषभ पंत दूसरे शीर्ष स्कोरर रहे जिन्होंने 24 रन बनाए। उनके अलावा, कुलदीप यादव ने 10 और सिराज ने 15 रन का योगदान दिया।
जुरेल ने अपनी इस शतकीय पारी से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली आगामी 2 टेस्ट मैचों की सीरीज में भारतीय प्लेइंग इलेवन में अपनी दावेदारी मजबूती से पेश की है। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले अनाधिकारिक टेस्ट में भी शतक लगाया था।हालांकि, पंत की टीम में वापसी के बाद जुरेल का प्लेइंग इलेवन में खेलना थोड़ा मुश्किल हो सकता है, लेकिन लगातार शतकीय पारियां निश्चित रूप से चयनकर्ताओं को उन्हें मौका देने के लिए मजबूर कर सकती हैं।दक्षिण अफ्रीका 'ए' के लिए टियान वैन वुरेन ने सर्वाधिक 4 विकेट लिए।
क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर। क्रिकेट (Sports News) ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat Sports से।