मुंबई: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कोच रवि शास्त्री का मानना है कि रोहित शर्मा इस साल भारतीय सरजमीं पर खेले जाने वाले वनडे विश्व कप तक टीम इंडिया की कमान संभालेंगे। इसके बाद टीम की कमान हार्दिक पांड्या के हाथों में आ जाएगी और वो टी20 के बाद वनडे फॉर्मेट में भी ये जिम्मेदारी संभालने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या
वनडे विश्व कप के बाद हार्दिक को संभालना चाहिए कप्तानी
शास्त्री को लगता है कि अगर हार्दिक पांड्या पूरी तरह फिट रहते हैं तो वो आगामी वनडे वर्ल्ड कप के बाद टीम इंडिया की व्हॉइट बॉल फॉर्मेट्स में कमान संभालेंगे। शास्त्री ने कहा, अगर वो फिट रहते हैं तो उन्हें सीमित ओवरों में भारतीय टीम की कमान संभाल लेना चाहिए। शास्त्री ने ये भी कहा कि सीनियर खिलाड़ियों की टीम से विदाई का समय आ गया है। उन्होंने कहा, वर्तमान में खेल रहे सीनियर खिलाड़ियों की विदाई का वक्त आ गया है। कई युवा खिलाड़ी जिम्मदेरी लेने के लिए तैयार हैं।
टी20 में होंगे सबसे ज्यादा बदलाव
उन्होंने आगे कहा, टी20 में तो ये बदलाव होना ही है, वनडे में थोड़ा कम और टेस्ट क्रिकेट में उससे भी कम होगा। क्योंकि आईपीएल में आपको कई युवा खिलाड़ी नजर आते हैं। लेकिन रेड बॉल क्रिकेट में ऐसा नहीं होता है। टेस्ट टीम में खिलाड़ियों को शामिल करने के लिए मैं उनका रेड बॉल रिकॉर्ड देखूंगा। मैं चयनकर्ताओं के साथ बैठकर उन खिलाड़ियों के नाम पर चर्चा करूंगा जिनका रेड बॉल के साथ अच्छा रिकॉर्ड है। उन्होंने किन परिस्थितियों में प्रदर्शन किया और उनके खेल का मजबूत पहलू क्या है और टेंप्रामेंट कैसा है।
खत्म हो गया हार्दिक का टेस्ट करियर
हार्दिक पांड्या के टेस्ट क्रिकेट में भविष्य के बारे में शास्त्री ने साफ तौर पर कहा, हार्दिक पांड्या संभवत: टेस्ट क्रिकेट में खेलते नजर नहीं आएंगे। उनका शरीर क्रिकेट के सबसे बड़े फॉर्मेट का भार सहने लायक नहीं है। साफ तौर पर कहूं तो उनका शरीर टेस्ट क्रिकेट खेलने के काबिल नहीं बचा है। अगर वो फिट रहते हैं तो व्हॉइट बॉल फॉर्मेट में बतौर कप्तान खेलते नजर आएंगे।
