क्रिकेट

Women's World Cup, SL vs SA: श्रीलंका और दक्षिण अफ्रीका के बीच महिला विश्व कप का महत्वपूर्ण मुकाबला, जानिए खास बातें

SL-W vs SA-W Women's World Cup Match Preview: अगर मौसम मेहरबान रहा तो श्रीलंका और दक्षिण अफ्रीका की टीमें शुक्रवार को यहां महिला एकदिवसीय विश्व कप के महत्वपूर्ण मुकाबले में एक दूसरे के सामने कड़ी चुनौती पेश करने की कोशिश करेंगी। आर प्रेमदासा स्टेडियम में पिछले दो मैच बारिश के कारण रद्द करने पड़े और शुक्रवार को भी बारिश और आंधी आने का अनुमान है।

Image

श्रीलंका बनाम दक्षिण अफ्रीका महिला क्रिकेट टीम

Photo : AP

अगर मौसम मेहरबान रहा तो श्रीलंका और दक्षिण अफ्रीका की टीमें शुक्रवार को यहां महिला एकदिवसीय विश्व कप के महत्वपूर्ण मुकाबले में एक दूसरे के सामने कड़ी चुनौती पेश करने की कोशिश करेंगी। आर प्रेमदासा स्टेडियम में पिछले दो मैच बारिश के कारण रद्द करने पड़े और शुक्रवार को भी बारिश और आंधी आने का अनुमान है।

अगर बारिश नहीं आती है और यह मैच खेला जाता है तो श्रीलंका टूर्नामेंट की अपनी पहली जीत हासिल करके सेमीफाइनल में जगह बनाने की अपनी उम्मीदों को जीवंत रखना चाहेगा। श्रीलंका ने दो मैच रद्द होने के कारण अभी तक दो अंक हासिल किए हैं और वह चार मैचों के बाद अंक तालिका में सबसे निचले स्थान पर हैं।

श्रीलंका ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पिछले मैच में बल्लेबाजी में अच्छा प्रदर्शन किया था लेकिन बारिश ने जीत हासिल करने की उसकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया था। उस मैच में श्रीलंका की कप्तान चमारी अटापट्टू और नीलक्षिका सिल्वा ने अर्धशतक जमाए थे। श्रीलंका को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी इसी तरह का प्रदर्शन जारी रखना होगा। दक्षिण अफ्रीका ने भारत और बांग्लादेश को करीबी मैचों में हराया था और उसकी टीम आत्मविश्वास से भरी होगी।

टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में इंग्लैंड से 10 विकेट से मिली करारी हार के बाद दक्षिण अफ्रीका ने न्यूजीलैंड, मेजबान भारत और बांग्लादेश के खिलाफ जीत हासिल करके नाटकीय अंदाज में स्थिति को बदल दिया है। भारत और बांग्लादेश के खिलाफ मुश्किल हालात में दक्षिण अफ्रीका ने जीत हासिल करने के लिए सराहनीय संघर्ष और साहस दिखाया। इन दोनों ही मौकों पर नादिन डी क्लार्क सबसे ज़्यादा प्रभावशाली रहीं, जिन्होंने भारी दबाव में भी अद्भुत धैर्य का परिचय देते हुए टीम को जीत दिलाई।

दक्षिण अफ्रीका के लिए शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों का अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल पाना चिंता का विषय है। अगर उसे अपना विजय अभियान जारी रखना है तो उसके प्रमुख बल्लेबाजों को भी उपयोगी योगदान देना होगा।

टीमें इस प्रकार हैं

श्रीलंका: चमारी अटापट्टू (कप्तान), हासिनी परेरा, विशमी गुणरत्ने, हर्षिता समरविक्रमा, कविशा दिलहारी, नीलाक्षी डी सिल्वा, अनुष्का संजीवनी, इमेशा दुलानी, देवमी विहंगा, पिउमी वाथसाला, इनोका राणावीरा, सुगंधिका कुमारी, उदेशिका प्रबोदानी, मल्की मदारा, अचिनी कुलसुरिया।

दक्षिण अफ्रीका: लौरा वोल्वार्ड्ट (कप्तान), ताज़मिन ब्रिट्स, एनेरी डर्कसन, मारिज़ैन कप्प, एनेके बॉश, सिनालो जाफ़्टा (विकेटकीपर), क्लो ट्रायॉन, नादिन डी क्लार्क, अयाबोंगा खाका, मसाबाता क्लास, नॉनकुलुलेको म्लाबा, सुने लुस, तुमी सेखुसोनगेस, नोंदुआबोमिसो म्लाबा।

मैच का समय: दोपहर 3 बजे से।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article