क्रिकेट

टीम इंडिया की बांग्लादेश और न्यूजीलैंड सीरीज की पिचों की आईसीसी ने जारी की रेटिंग

आईसीसी ने भारतीय टीम की बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के खिलाफ आयोजित दो हालिया घरेलू टेस्ट सीरीज में इस्तेमाल हुई पिचों की रेटिंग जारी की है। जानिए किस मैदान को मिली असंतोषजन रेटिंग।

Image

ग्रीनपार्क स्टेडियम कानपुर(साभार BCCI)

नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने बांग्लादेश के खिलाफ भारत के टेस्ट मैच के लिए इस्तेमाल की गई चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम की पिच को ‘बहुत अच्छा’ माना है जबकि सत्र के दौरान इस्तेमाल किए गए अन्य चार घरेलू केंद्रों को ‘संतोषजनक’ माना गया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ इस्तेमाल किए गए सभी तीन टेस्ट स्थल -बेंगलुरू का चिन्नास्वामी स्टेडियम, पुणे के गहुंजे में महाराष्ट्र क्रिकेट संघ स्टेडियम और मुंबई का वानखेड़े स्टेडियम को आईसीसी मैच रेफरी से ‘संतोषजनक’ रेटिंग मिली।

कानपुर की आउटफील्ड को मिली असंतोषजनक रेटिंग

हालांकि कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम के आउटफील्ड को आईसीसी मैच रेफरी जेफ क्रो ने ‘असंतोषजनक’ रेटिंग दी है। सरकारी स्वामित्व वाले स्टेडियम की खराब जल निकासी प्रणाली के कारण बांग्लादेश के खिलाफ केवल दो पूरे दिन का खेल हो सका और पिच को ‘संतोषजनक’ रेटिंग दिए जाने के बावजूद आउटफील्ड न्यूजीलैंड के पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर की नाराजगी से नहीं बच पाई।

ग्वालियर, दिल्ली और हैदराबाद को मिली बहुत अच्छी रेटिंग

बांग्लादेश के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए इस्तेमाल किए गए ग्वालियर, दिल्ली और हैदराबाद की बड़े स्कोर वाली पिचों को ‘बहुत अच्छी’ रेटिंग मिली है क्योंकि वे सबसे छोटे प्रारूप की आवश्यकताओं के अनुरूप थे। हालांकि भारतीय टीम प्रबंधन, बीसीसीआई और स्थानीय क्यूरेटर यह जानकर बहुत खुश नहीं होंगे कि ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड बून ने न्यूजीलैंड के खिलाफ इस्तेमाल की गई किसी भी टेस्ट मैच की पिच को ‘संतोषजनक’ से बेहतर रेटिंग नहीं दी।

चिन्नास्वामी की पिच पर थी जरूरत से ज्यादा नमी

चिन्नास्वामी की पिच में अत्यधिक नमी थी जिसके कारण भारत न्यूजीलैंड के खिलाफ 46 रन पर ऑल आउट हो गया जबकि पुणे और मुंबई दोनों ही विकेट पूरी तरह से स्पिन के अनुकूल थे जो ‘अच्छे टेस्ट’ मैच विकेट के लिए निर्धारित मानदंडों का सख्ती से पालन नहीं करते थे। लेकिन दोनों टीमों के खिलाड़ियों के अच्छे व्यक्तिगत बल्लेबाजी प्रदर्शन के कारण दोनों विकेट को संतोषजनक रेटिंग मिली।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article