क्रिकेट

ICC Rankings: अभिषेक शर्मा ने पाई रिकॉर्डतोड़ रेटिंग, हार्दिक से पाकिस्तानी खिलाड़ी ने छीना ताज

ICC T20 Rankings: तेजी से उभरते हुए भारत के स्टार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने बुधवार को जारी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में इतिहास के सर्वश्रेष्ठ रेटिंग अंक के साथ शीर्ष पर अपनी स्थिति और मजबूत की जबकि वरुण चक्रवर्ती भी गेंदबाजी रैंकिंग में शीर्ष पर बरकरार हैं।

Image

अभिषेक शर्मा (फोटो- AP)

ICC T20 Rankings: भारत के युवा और तेजी से उभरते स्टार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने आईसीसी टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में नया इतिहास रच दिया है। बुधवार को जारी ताज़ा रैंकिंग में अभिषेक ने 931 रेटिंग अंक हासिल कर अब तक का सर्वश्रेष्ठ स्कोर बनाया। उन्होंने इंग्लैंड के डेविड मलान के पांच साल पुराने 919 अंकों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

एशिया कप में धमाकेदार प्रदर्शन

हाल ही में संपन्न हुए एशिया कप में अभिषेक ने बेहतरीन खेल दिखाया। उन्होंने सात मैचों में 314 रन बनाए और 200 से अधिक के स्ट्राइक रेट के साथ रन बनाते हुए टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बने। इस प्रदर्शन ने उन्हें विश्व रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचा दिया। अभिषेक ने टीम इंडिया के दिग्गजों सूर्यकुमार यादव (912) और विराट कोहली (909) के पिछले सर्वश्रेष्ठ अंकों को भी पीछे छोड़ा।

शीर्ष तीन में भारतीयों का दबदबा

टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में भारत का दबदबा साफ झलकता है। अभिषेक पहले स्थान पर हैं, जबकि उनके साथी तिलक वर्मा तीसरे पायदान पर हैं। तिलक ने एशिया कप में 213 रन बनाए। इंग्लैंड के फिल सॉल्ट दूसरे स्थान पर हैं लेकिन अभिषेक उनसे पूरे 82 अंक आगे हैं।

श्रीलंकाई और पाकिस्तानी बल्लेबाजों की रैंकिंग में सुधार

एशिया कप के शानदार प्रदर्शन का फायदा अन्य खिलाड़ियों को भी मिला है। श्रीलंका के पथुम निसांका 261 रन की बदौलत करियर के सर्वश्रेष्ठ पांचवें स्थान पर पहुंच गए। उनके साथी कुसाल परेरा भी नौवें स्थान पर आ गए। पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान 13वें और भारत के संजू सैमसन 31वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

गेंदबाजी रैंकिंग में वरुण चक्रवर्ती का दबदबा

गेंदबाजी रैंकिंग में भारत के वरुण चक्रवर्ती शीर्ष पर बने हुए हैं। उन्होंने एशिया कप में सात विकेट चटकाए थे। उनके साथी कुलदीप यादव भी नौ स्थान की छलांग लगाकर 12वें पायदान पर पहुंचे। वहीं पाकिस्तान के शाहीन शाह अफरीदी और बांग्लादेश के रिषाद हुसैन की रैंकिंग में भी सुधार हुआ है।

ऑलराउंडर रैंकिंग में सईम अयूब शीर्ष पर

ऑलराउंडर की सूची में पाकिस्तान के सईम अयूब ने भारत के हार्दिक पंड्या को पछाड़कर पहला स्थान हासिल कर लिया है। हालांकि बल्ले से वह फ्लॉप रहे, लेकिन गेंद से उन्होंने आठ विकेट झटके। इसी प्रदर्शन से वह चार स्थान की छलांग लगाकर शीर्ष पर पहुंचे।अब पंड्या दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं और अयूब से आठ अंक पीछे हैं। पाकिस्तान के मोहम्मद नवाज और श्रीलंका के चरित असलंका की रैंकिंग में भी सुधार हुआ है।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article