Gujarat Giants vs Royal challengers Bangalore: स्नेह राणा की कप्तानी वाली टीम गुजरात जाएंट्स ने विमेंस प्रीमियर लीग में जीत का स्वाद चख लिया। लीग के हर मैच की तरह गुजरात जाएंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर का मुकाबला भी रोमांच भरा रहा। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर मैच को रोमांचक कर दिया। मैच के अंत में जीत के करीब पहुंचने के बाद गुजरात ने बेंगलोर को 11 रन से हरा दिया। इसके साथ ही स्मृति मंधाना की कप्तानी वाली टीम बेंगलोर फाइनल की रेस से लगभग बाहर हो गई है।
गुजरात जाएंट्स के खिलाड़ी। (फोटो - गुजरात जाएंट्स के ट्विटर से)
गुजरात की शुरुआत अच्छी रही
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात जाएंट्स ने अच्छी शुरुआत की। टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 201 रन बनाए। सोफिया डंकली ने 18 गेंदों पर 9 चौके और 2 छक्के की मदद से 50 रन पूरा किया। उन्होंने 232.14 की स्ट्राइक रेट से 28 गेंद पर 11 चौके और तीन छक्के की मदद से कुल 65 रन बनाए। सोफिया ने आठवें ओवर की अंतिम गेंद में श्रेयांका पाटिल की गेंद पर हीथर नाइट को कैच थमा बैठीं। वे लीग में सबसे तेज फिफ्टी जमाने वाली खिलाड़ी बनीं। इसी तरह हरलीन देओल ने भी अर्धशतकीय जमाया। उन्होंने 148.88 की स्ट्राइक से 45 गेंद पर 9 चौके और एक छक्के की मदद से सबसे ज्यादा 67 रन बनाए। अंतिम ओवर के चौथे गेंद पर श्रेयांका पाटिल ने हरलीन को बोल्ड किया।
First 𝙒! 🫶🧡#GGvRCB #TATAWPL #BringItOn #GujaratGiants t.co/8ZFkvVvYUM
— ANI (@ANI) Mar 8, 2023
जीत के करीब पहुंचकर हारी बेंगलोर
जवाब में खेलने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने अच्छी शुरुआती की, लेकिन मैच को जीत में नहीं बदल पाई। लीग में टीम की यह लगातार तीसरी हार है। इसके साथ ही टीम फाइनल की रेस से भी करीब-करीब बाहर हो गई है। टीम ने निर्धारित ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 190 रन बनाए। कप्तान स्मृति मंधाना एक बार लंबी पारी नहीं खेल पाईं। वे 18 रन पर आउट हो गईं। सोफी डिवाइन ने अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम को जीत के करीब तक पहुंचाया। डिवाइन ने 45 गेंद पर 8 चौके और दो छक्के की मदद से 66 रन बनाए। गुजरात की एश्ले गार्डनर ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए।
200+ स्कोर करने वाली तीसरी टीम बनी
गुजरात विमेंस प्रीमियर लीग में 200+ स्कोर करने वाली तीसरी टीम बन गई है। इससे पहले मुंबई इंडियंस ने ओपनिंग में गुजरात जाएंट्स के खिलाफ 207 का स्कोर किया था। इसके बाद दिल्ली ने दो टीमों के खिलाफ 200+ का स्कोर बनाया। लीग के दूसरे मैच् में दिल्ली ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर और पांचवें मैच् में यूपी वॉरियर्ज के खिलाफ 200+ का स्कोर किया था।
