कभी नहीं भूलूंगा...गौतम गंभीर ने बताया टीम इंडिया के हेड कोच के रूप में सबसे मुश्किल पल

टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने बताया है कि उनके एक साल के कार्यकाल में उनके कोचिंग करियर का सबसे मुश्किल पल कौन सा था। उन्होंने कहा कि उस पल को वो कभी नहीं भूल पाएंगे।

नई दिल्ली: पिछले साल न्यूजीलैंड के हाथों घरेलू मैदान पर मिली 0-3 की हार आज भी भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर को कचोटती है और वह नहीं चाहते कि उनके खिलाड़ी भविष्य की तैयारी करते हुए टेस्ट मैचों में मिली उस करारी शिकस्त हार को भूल जाएं। यह घरेलू सरजमीं पर 12 साल में भारत की टेस्ट श्रृंखला में पहली हार थी। गंभीर ने ‘जियोहॉटस्टार’ से कहा,'मैं अगर ईमानदारी से और दिल से कहूं, तो मुझे नहीं लगता कि अपने कोचिंग कार्यकाल में मैं इसे कभी भूल पाऊंगा। मुझे इसे भूलना भी नहीं चाहिए। मैंने खिलाड़ियों से भी यही कहा है कि आगे देखना जरूरी है, लेकिन कभी-कभी अतीत को याद रखना भी ज़रूरी होता है।'

Gautam Gambhir

गौतम गंभीर

इस पूर्व सलामी बल्लेबाज ने कहा,'सबने सोचा था कि हम न्यूजीलैंड को हरा देंगे। ड्रेसिंग रूम में हमें बार-बार याद दिलाना होगा कि न्यूजीलैंड के खिलाफ क्या हुआ था।' उस श्रृंखला में सूपड़ा साफ होने से भारत के लगातार तीसरे विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल (डब्ल्यूटीसी) में खेलने की संभावनाओं को बड़ा झटका लगा था। भारत इसके बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसकी सरजमीं पर हुई श्रृंखला में हार के बाद डब्ल्यूटीसी फाइनल की दौड़ से बाहर हो गया था।

End of Feed