भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज व मौजूदा समय में आईसीसी रेफरी जवागल श्रीनाथ (Javagal Srinath) ने कहा है कि टी20 प्रारूप की इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) महत्वपूर्ण है, लेकिन खेल में गहराई के लिए टेस्ट क्रिकेट (Test Cricket) बहुत जरूरी है। जवागल श्रीनाथ, इंदौर में मध्यप्रदेश क्रिकेट संगठन (एमपीसीए) के वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में बुधवार रात शामिल हुए। गौरतलब है कि हाल में टेस्ट क्रिकेट और टी20 क्रिकेट को लेकर काफी बहस व चर्चा हुई है। टी20 क्रिकेट युवा खिलाड़ियों को ध्यान ज्यादा आकर्षित कर रहा है जबकि पहले भी कई दिग्गज इस बात को बार-बार कह चुके हैं कि टेस्ट क्रिकेट किसी भी खिलाड़ी के खेल विकास के लिए कितना महत्वपूर्ण हिस्सा है।
जवागल श्रीनाथ
जवागल श्रीनाथ ने समारोह के बाद संवाददाताओं से कहा, "इंडियन प्रीमियर लीग महत्वपूर्ण है। लेकिन अगर आपको खेल में गहराई चाहिए, तो यह पांच दिन के क्रिकेट में है। इसलिए टेस्ट क्रिकेट को सभी क्रिकेट प्रारूपों की जननी कहा जाता है।"
जवागल श्रीनाथ ने कहा कि टेस्ट क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ी के लिए टी20 खेलना अपेक्षाकृत आसान हो सकता है, लेकिन टी20 खेलने वाले खिलाड़ी के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलना उतना आसान नहीं है। उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि उन्हें टेस्ट क्रिकेट यानी खेल के सबसे लंबे व सबसे पुराने प्रारूप के खेल पर ध्यान देना चाहिए और इसके साथ ही टी20 भी खेलना चाहिए।
इन दिनों आईसीसी मैच रेफरी (ICC Match Referee) की भूमिका में नजर आ रहे जवागल श्रीनाथ ने कहा कि राज्य क्रिकेट संघों, अभिभावकों और प्रशिक्षकों की जिम्मेदारी है कि वे युवा खिलाड़ियों का सही मार्गदर्शन करें। पुरस्कार वितरण समारोह में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और एमपीसीए अध्यक्ष महानआर्यमन सिंधिया भी मौजूद थे।
इंदौर में आयोजित हुए इस समारोह में एमपीसीए के खिलाड़ियों, टीमों और क्रिकेट से जुड़ी हस्तियों को पुरस्कारों और प्रोत्साहन राशि के रूप में करीब तीन करोड़ रुपये वितरित किए गए।
प्रशांत मेहता को ’माधवराव सिंधिया लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’ (Lifetime Achievement Award) और आनंद पटेल को ’सी.टी. सरवटे लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’ प्रदान किया गया।
(भाषा इनपुट के साथ)
