क्रिकेट

T20 World Cup 2026: भारत की जीत के बाद पाकिस्तान टीम में उथल-पुथल, प्राइम गेंदबाज और किंग बल्लेबाज की छुट्टी तय

T20 World Cup 2026: भारत के खिलाफ मैच में मिली हार के बाद पाकिस्तान टीम के भीतर उथल-पुथल की स्थिति बन गई है। अगले मुकाबले में उसे नामीबिया से खेलना है। सुपर-8 में जाने के लिए पाकिस्तान को हर हाल में यह मुकाबला जीतना होगा और इस मुकाबले में टीम के प्लेइंग इलेवन में बदलाव किया जाएगा। खासतौर से बाबर आजम की छुट्टी तय है।

Image

पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन (साभार-X)

T20 World Cup 2026: रविवार को भारत ने पाकिस्तान को न केवल हराया बल्कि सुपर-8 में उनके पहुंचने की उम्मीदों को भी डेंट लगा दिया। अब सुपर-8 में जाने के लिए उसे हर हाल में अपना आखिरी मुकाबला जीतना होगा। पाकिस्तान अपना आखिरी लीग मुकाबला नामीबिया के खिलाफ खेलेगी। यह मुकाबला 18 फरवरी को खेला जाएगा, लेकिन इस मुकाबले से पहले जो खबरें सामने आ रही है, उसने पाकिस्तान टीम के भीतर उथल-पुथल मचा दिया है। ऐसी खबरें सामने आ रही है कि कोच माइक हेसेन खिलाड़ियों के प्रदर्शन से नाराज हैं और अगले मुकाबले में कुछ सीनियर खिलाड़ियों को बाहर किया जा सकता है।

बाबर और शाहीन के नाम की चर्चा

खबरों की मानें तो नामीबिया के खिलाफ टी20 विश्व कप के अगले मैच में खराब फॉर्म से जूझ रहे बाबर आजम और शाहीन शाह अफरीदी की पाकिस्तानी टीम से छुट्टी हो सकती है। पाकिस्तानी टीम प्रबंधन के विश्वस्त सूत्र ने यह जानकारी दी। सूत्र ने कहा कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख मोहसिन नकवी ने भारत से मिली 61 रन से हार के बाद टीम मैनेजर नावेद अकरम चीमा से बातचीत की है और उन्हें जीत के लिए अहम कदम उठाने को कहा है।

सूत्र ने कहा,’’ पीसीबी अध्यक्ष प्रेमदासा स्टेडियम से मैच खत्म होने से पहले ही चले गए क्योंकि पाकिस्तान की हार तय हो चुकी थी।’’ सूत्र ने यह भी कहा कि नकवी ने पीसीबी के एक आला अधिकारी के जरिये मैनेजर को संदेश दिया है कि इस तरह का प्रदर्शन स्वीकार्य नहीं है। कोच माइक हेसन ने भी ड्रेसिंग रूम में टीम से बात करके कहा कि उन्होंने अपनी क्षमता के अनुरूप नहीं खेला। सूत्र ने कहा,’’ टीम प्रबंधन ने तय किया है कि अब बहुत हो चुका और बाबर आजम तथा शाहीन को आराम देकर सलमान मिर्जा और नसीम शाह या फखर जमान को उतारा जाये।’’

पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन (Pakistan Playing XI)- सैम अयूब, साहिबजादा फरहान, सलमान आगा (कप्तान), फखर जमान, उस्मान खान (विकेटकीपर), शादाब खान, मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, नसीम शाह/अबरार अहमद, अबरार अहमद, उस्मान तारिक

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article